विस्तार
बॉलीवुड में कई ऐसे एक्टर्स और एक्ट्रेस हैं जिन्हें लीड रोल में लिए जाने के बाद भी बहुत कम लोग नोटिस करते हैं। ग्लैमर की इस दुनिया में इन्हें फिल्म से सफलता तो मिलती है लेकिन 'फेम' नहीं मिल पाता। कुछ ऐसे भी एक्टर्स हैं जो सिर्फ एक रात में ही शौहरत के आसमान में पहुंचे लेकिन पलक झपकते ही धड़ाम से जमीन पर आ गिरे।इन्हीं कुछ नामों में एक नाम है 'चार्मी कौर'। जो कहने के लिए तो अमिताभ जैसे महानायक के साथ काम कर चुकी हैं लेकिन इन्हें वह पहचान नहीं मिल सकी, जिसका तलबगार हर कलाकार होता है।
कौन हैं चार्मी?
चार्मी का जन्म मुंबई के एक पंजाबी परिवार में हुआ। मुंबई से ही उनकी स्कूलिंग हुई। चार्मी को डांस और स्वीमिंग काफी पसंद है।
साल 2002 में चार्मी ने तेलुगू फिल्म 'Nee Thodu Kavali' से डेब्यू किया। इस फिल्म में वह एक हाउस वाइफ के किरदार में थीं, जबकि उनकी उम्र तब महज 15 साल थी। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन चार्मी को नोटिस किया गया।
साल 2004 में रिलीज हुई ‘मास’ से चार्मी को लोकप्रियता मिली। इस फिल्म में नागार्जुन के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। 2006 में रिलीज हुई ‘पूर्णमी’ में चार्मी ने एक क्लासिकल डांसर की भूमिका निभाई, जिसे खूब पसंद किया गया।
साल 2006 में ही रिलीज हुई ‘राखी’ उनकी पहली सुपरहिट फिल्म थी। हिंदी फिल्मों में चार्मी अपने डेब्यू ईयर में ही नजर आई थीं। उन्होंने रितिक रोशन, रानी मुखर्जी और करीना कपूर की फिल्म ‘मुझसे दोस्ती करोगी!’ में कैमियो किया था। हालांकि, उन्हें नोटिस नहीं किया गया।
साल 2011 में चार्मी अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’ में नजर आईं। इस फिल्म में वह अमृता के किरदार में थीं। इसके अलावा वह 2013 में शाहिद कपूर-सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘आर… राजकुमार’ में भी कैमियो करती नजर आईं।
साल 2013 में चार्मी विवेक ओबरॉय के अपोजिट ‘जिला गाजियाबाद’ में भी नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम ‘सुमन’ था।
चार्मी हाल ही पुर्तगाल ट्रिप से लौटी हैं। वह फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव हैं। फैंस उनकी खूबसूरत तस्वीरों पर खासा रिस्पॉन्स देते हैं।
‘डेक्कन क्रॉनिकल’ के अनुसार, ‘पैसा वसूल’ फिल्म के लिए चार्मी कौर ने 4 करोड़ रुपये की डील साइन की है, लेकिन यह फिल्म में एक्टिंग के लिए नहीं है।
दरअसल, चार्मी को यह 4 करोड़ रुपये ‘पैसा वसूल’ में टोटल पैकेज के मिले हैं। वह फिल्म के प्रोडक्शन को-ऑर्डिनेटर की भी भूमिका निभाएंगी। चार्मी इससे पहले भी पुरी जग्गनाथ फिल्म्स के लिए इस भूमिका को निभा चुकी हैं। खबरों के मुताबिक, वह इस फिल्म की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर कहलाएंगी।