विस्तार
बॉलीवुड के फेमस सिंगर अंकित तिवारी जल्द ही शादी करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इस महीने की 23 तारीख को वह कानपुर में अपनी जीवन संगिनी से विवाह रचाएंगे। खास बात ये है कि अंकित जिस लड़की से शादी करेंगे वो उनकी दादी ने पसंद की है, इससे भी मजेदार ये है कि वो लड़की अंकित की दादी को रेलवे स्टेशन पर मिली थी।
पहली नजर में ही अंकित की दादी को वह लड़की ऐसी भाई की उन्होंने उसे ही अपने पोते के लिए पसंद कर लिया, मामला आगे बढ़ा तो अंकित ने भी शादी के लिए रजामंदी दे दी। जल्द ही यह जोड़ा जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएगा। चलिए अब आपको बताते हैं इस फिल्मी प्रेम कहानी के बारे में।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार अंकित की दादी ने जिस लड़की को पसंद किया है उसका नाम है पल्लवी शुक्ला, जो बंगलुरू में एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। अब कहानी का एक सिरा इस तरह है कि कानपुर के काकादेव मोहल्ले के रहने वाले अंकित की दादी रामकुमारी से पल्लवी की मुलाकात झांसी रेलवे स्टेशन पर हुई थी।
जहां से दोनों एक ही ट्रेन में सफर पर निकली, कुछ घंटों के इस सफर में पल्लवी अंकित की दादी को ऐसी भायी की सफर खत्म होते होते उन्होंने तय कर लिया कि इसी लड़की को अपने घर की बहू बनाया जाएगा। मुलाकात के दौरान ही रामकुमारी ने पल्लवी का फोन नंबर और घर का पता जान लिया था।
रामकुमारी कानपुर पहुंची तो घर वालों को उस लड़की के बारे में बताया गया, जहां उनकी बात पर हामी भर दी। मुंबई मिरर से बात करते हुए अंकित ने बताया कि एक बार दादी ने कह दिया कि पल्लवी ही उनके पोते की बहू बनेगी तो हर कोई तैयार हो गया। मैं भी इस रिश्ते से खुश हूं क्योंकि मेरा परिवार भी इससे खुश है। वह एक बहुत प्यारी और साधारण लड़की है। अंकित ने बताया कि जब हमारी पहली मुलाकात हुई तब हमारे बीच दस लोग बैठे थे।
दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद अब इस रिश्ते को अंजाम तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। आगामी 20 फरवरी को कानपुर में ही अंकित और पल्लवी की सगाई होगी, उसके बाद 23 फरवरी को कानपुर में ही शादी। 26 फरवरी को परिवार की ओर से रिसेप्शन का आयोजन किया गया है। जानकारी के अनुसार परिवार मुंबई में भी एक रिसेप्सन की तैयारी कर रहा है।