विस्तार
भारतीय सिनेमा के इतिहास में जिन अभिनेत्रियों को सदाबहार की लिस्ट में रखा जाता है, उनमें नूतन का नाम भी शामिल है। फोर्ब्स ने साल 2013 में इंडियन सिनेमा की 25 सबसे सफल एक्टिंग परफॉर्मेंस की लिस्ट बनाई, इसमें नूतन का नाम शामिल किया गया। इसके बाद रेडिफ डॉट कॉम ने अपनी महान एक्ट्रेस की लिस्ट में नूतन को तीसरा नंबर दिया था। आज उनका जन्मदिन है, ऐसे में आपको नूतन के बारे में वो बाते बताएंगे जो आपने पहले नहीं सुनी होंगी।
1950-60 का दशक नूतन के लिए शानदार रहा। इस दौरान उन्होंने पेइंग गेस्ट, बंदिनी, तेरे घर के सामने, अनारी, सुजाता, मिलन और मैं तुलसी तेरे आंगन की, जैसी फिल्में करके भारतीय सिनेमा के पर्दे पर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया था।
उस जमाने में महिलाओं का फिल्मों में काम करना किसी पहाड़ चढ़ने से कम नहीं था। तमाम बाधाओं को डाककर फिल्में की जाती थी। नूतन ने नेवी अधिकारी रजनीश बहल के साथ शादी की थी। पति सख्त स्वभाव के थे और शादी के बाद फिल्में करना पसंद नहीं था। लेकिन नूतन के पास शादी के बाद और दमदार ऑफर आने लगे। लिहाजा पति की रजामंदी के साथ उन्होंने फिल्मों में काम जारी रखा।
नूतन ने अपने दौर के मशहूर अभिनेता संजीव कुमार के मुंह पर सबके सामने जोरदार तमाचा जड़ दिया था। जिसके बाद संजीव कुमार और वहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए थे। दरअसल इस घटना से कुछ दिनों पहले अखबारों और मैगजीनों में नूतन और संजीव कुमार के अफेयर की चर्चाएं चटपटे अंदाज में चलाई जा रहीं थी, जिसका असर उनके वैवाहिक जीवन पर पड़ रहा था। वो परेशान रहने लगी। इसी बीच एक शूटिंग के दौरान उन्होंने देखा कि संजीव कुमार मीडिया से घिरे हुए हैं और नूतन और अपने रिश्तों को लेकर बात कर रहे हैं।
नूतन को लगा कि संजीव कुमार खुद ही सारी खबरें प्लांट करवा रहे हैं। गुस्से में तमतमाते हुए नूतन वहां पहुंची और संजीव कुमार के मुंह पर जोरदार थप्पड़ रसीद कर दिया। इस थप्पड़ के बाद संजीव कुमार शॉक्ड रह गए लेकिन मीडिया में उनके अफेयर की सारी खबरें रफूचक्कर हो गईं।
मशहूर अदाकारा नूतन और रजनीश बहल की शादी के बाद एक बेटा हुआ। इनके बेटे का नाम है मोहनीस बहल, जी हां वही फिल्म हम साथ-साथ हैं वाले मोहनीस।