विस्तार
रोमांच का अपना मजा है। इसके तरीके भी अपने हैं। अपने सलमान भाई की लैंग्वेज में कहें तो काम वो करो जिसमें 'किक' मिले। अब मुद्दे पर आते हैं। ऊंचाई से कूदना अपने आप में 'किक' है। ऐसी ही 'किक' को ढूंढती रहती हैं पुणे की शीतल राणे महाजन। अब इन्होंने एक और कारनामा किया है।
शीतल ने थाइलैंड में सोमवार को साड़ी पहनकर स्काईडाइविंग की। इसके साथ ही ऐसा करने वाली वो पहली महिला बन गईं। शीतल ने ये छलांग 13 हजार फीट की ऊंचाई से लगाई है। शीतल ने ये छलांग दो बार लगाई।
राणे-महाजन ने थाई स्काइडाइविंग केंद्र से टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, 'मैं अगले महीने आने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कुछ अलग करना चाहती थी। इसलिए मैंने अपने स्काइडाइव के लिए नौवारी साड़ी पहनने का निर्णय लिया।'
शीतल ने बताया कि उनकी साड़ी करीब सवा आठ मीटर लंबी है, जोकि आम भारतीय साड़ियों से ज्यादा लंबी है। शीतल ने बताया कि वह पहली लैंडिंग में जरूर थोड़ा लड़खडाईं लेकिन सुरक्षित तरीके से लैंड किया।