विस्तार
मॉडलिंग करने या मॉडल्स को लेकर सबसे पहले दिमाग में आता है 'परफेक्ट फिगर'। बिना इसके फैशन की दुनिया में टिक पाना मुश्किल है। लेकिन 21 साल की 'रू प्रेस्टा' ने मॉडलिंग की एक नई परिभाषा दी है। मॉडल्स वाला परफेक्ट फिगर तो नहीं है इनके पास लेकिन भगवान ने जैसा बनाया है उसे बड़ी खुशी से अपनाकर फैशन की दुनिया में अपना नाम रौशन कर रही हैं।
बोल-चाल की भाषा में इन्हें बौनी कह सकते हैं। लेकिन सिर्फ कद ही छोटा है बाकी हौसला बुलंद और सोच बहुत बड़ी है। कॉन्फिडेंस ऐसा कि सामने वाला लड़खड़ा जाए, अच्छे-अच्छों की बोलती बंद हो जाए। इतनी सारी क्वीलिटिज होने के बाद भी फैशन इंडस्ट्री में गुड लुकिंग और परफेक्ट फिगर होना जरूरी है। लेकिन 21 वर्षीय ये मॉडल अपने फिगर को परफेक्ट मानती है, और कहती है कि फैशन की दुनिया में हर किसी को अपनाया जाना चाहिए।
आम तौर पर लोग अपनी छोटी हाइट से शर्मिंदगी महसूस करते हैं। चार लोगों के बीच में खुद को कमजोर समझने लगते हैं। मन ही मन हीन भावना के शिकार होने लगते हैं। इस मॉडल की हाईट मात्र 3 फीट 4 इंच है लेकिन ये इनके आत्मविश्वास में कोई कमी नहीं लाता।
रू प्रेस्टा छोटी उम्र से ही मॉडल बनना चाहती थीं। उनका ये सपना पूरा भी हुआ लेकिन काफी संघर्षों के बाद। बचपन से ही उन्हें लोग चिढ़ाते थे, स्कूल जाने से वो कतराती थीं। लेकिन एक समय के बाद उन्होंने सबका मुंह बंद कर दिया।
दरअसल वो बौनेपन की बीमारी से ग्रसित हैं। ये मॉडल नवेडा में पली-बढ़ी हैं। उसके परिवार में वो अकेली है, जिसे बौनापन है। इस सबके बावजूद, वो अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए लॉस एंजेलिस पहुंच गईं। काफी संघर्षों के बाद उन्होंने मॉडलिंग में नाम कमाया।
अक्सर लोग अपनी शारिरीक बनावट से खुद को कमतर आंकने लगते हैं। सांवलापन, दुबला-पतला, दाग-धब्बे आदि होने हीन भावना से घिर जाते हैं और कई सपने देखने के बाद भी आत्मविश्वास की कमी के चलते जिंदगी में पीछे रह जाते हैं। उन लोगों को ये मॉडल प्रेरणा दे रही है।