विस्तार
हमेशा से कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत और चीन के बीच अब 'हिंदी-चीनी' भाई-भाई का सुर जोर मार रहा है। अमूमन भारत के खिलाफ आग उगलने और आंख दिखाने वाला ड्रैगन अब ओउम् का जाप कर रहा है और योगाभ्यास में मगन है। यही नहीं, हिंदी भी जोर-शोर से सीखी जा रही है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की वेबसाइट की खबर के मुताबिक 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस को लेकर पूरे चीन में उत्साह देखा जा रहा है। दक्षिण-पश्चिम के सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंग्दू में वाकायदा इसी शनिवार से भारत-चीन (चेंग्दू) अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव शुरू हो चुका है।
यहां योग महोत्सव 21 जून यानी बुधवार तक चलेगा, इसमें योग, मंत्रों और भारतीय नृत्य के जानकार शामिल हो रहे हैं। महोत्सव में होने वाली तमाम गतिविधियों की लाइव स्ट्रीमिंग भी की जा रही है, जिसके जरिये पूरे चीन में लोग भारतीय संस्कृति और परंपराओं से रूबरू हो रहे हैं।
चीन के कुछ शहरों में तो पूरे हफ्ते तक योग महोत्सव मनाया जाएगा। पश्चिमी चीन के झिआंगसु प्रांत के वुक्सी में योग महोत्सव बुधवार को शुरू होगा और रविवार तक चलेगा। यही तस्वीर युन्नान प्रांत के कुनमिंग में देखने को मिलेगी।
पिछले कुछ वर्षों में चीन में योग के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।