विस्तार
उन्हें पता था कि आने वाले वक्त में लोगों के पास आंखें तो होंगीं, लेकिन रौशनी घटती जाएगी। इसलिए कुछ ऐसा ईजाद कर दिया कि आज भी इस्तेमाल हो रहा है और करोड़ों लोगों की नजरें बनाए रखने का अहम जरिया बन रहा है। उस शख्स ने दृष्टि मांपने का उपकरण और चार्ट बनाया था। एक ऐसा उपकरण जो कंप्यूटर युग के आने के बाद भी उतना ही कारगर है, जितना कि ईजाद करने के वक्त था।
यह उपकरण है डायोप्टर और इसे फ्रांस के नेत्र-विशेषज्ञ फर्डिनैंड मोनोये ने बनाया था। फर्डिनैंड मोनोये का जन्म 9 मई 1836 को हुआ था। गूगल उनका डूडल बनाकर उनका 181वां जन्मदिन मना रहा है।
आप अगर कभी चश्मा बनवाने गए हैं तो डायोप्टर की मदद जरूर ली गई होगी। डायोप्टर में मोनोयेर चार्ट लगा होता है, जिसमें अंग्रेजी के कुछ अल्फाबेट ऊपर से बड़े से छोटे आकार में होते हुए दर्ज होते हैं और एक निश्चित दूरी पर इसे रखकर लोगों की नजर मापी जाती है।
गूगल ने एनिमेटेड डूडल बनाया है, जिसमें 'O' की जगह आंखें बनाई गई हैं और साथ में एक एनीमेटेड मोनोयेर चार्ट भी लगा है। डूडल में आंखों का रंग भी बदलता हुआ दिखाई दे रहा है।
दिलचस्प बात यह भी है कि फर्डिनैंड मोनोये ने चार्ट में अपना भी नाम दर्ज किया था, अगर चार्ट को नीचे से ऊपर पढ़ते हैं तो उनका नाम पढ़ने में आता है।