विस्तार
मिस इंडिया वर्ल्ड बनीं मानुषी चिल्लर हरियाणा से हैं। उनके परेंट्स डॉक्टर हैं, मानुषी दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल में पढ़ीं और आगे की पढ़ाई उन्होंने भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज सोनीपत से की हैं। आज मानुषी भारत में एक फेमस चेहरा बनकर उभरी हैं। इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट में पहली रनर अप रहीं जम्मू-कश्मीर की सना दुआ और दूसरी रनर अप बनीं बिहार की प्रियंका कुमारी।
कंटेस्टेंट्स को सुपर मॉडल्स, बॉलीवुड स्टार्स, फेमस डिजाइनर और मिस वर्ल्ड रह चुकी हस्तियों ने जज किया। इनमें मनीष मल्होत्रा, अर्जुन रामपाल, अभिषेक कपूर, विद्युत जामवाल, बिपाशा बसु जैसे नाम भी शामिल हैं।
ऐसा पहली बार हुआ जब प्रतियोगियों ने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए कपडों को पहना था। फाइनल राउंड के 30 प्रतियोगी देश के अलग अलग हिस्सों से आए थे। पिछली बार की विजेता रहीं प्रयदर्शिनी चटर्जी ने उन्हें ताज पहनाया।
मानुषी चीन में होनी वाली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत को रिप्रजेंट करेंगी। मिस इंडिया के अलावा मानुषी को मिस फोटोजेनिक का अवॉर्ड भी मिला है। अपनी इस यात्रा के बारे में मानुषी ने कहा कि इन 30 दिनों तक मैं दुनिया को बदलने के एक नजरिए के साथ आगे बढ़ी हूं।
मानुषी को बचपन से ही स्कूल और कॉलेज में स्टेज पर आने का शौक था। किसी न किसी कार्यक्रम में वो भाग जरूर लेती थीं जिससे उनकी पहचान बढ़ सके और लोग उन्हें भी जानें।
मानुषी हरियाणा से हैं, उन्हें एक चाह थी कि उन्हें अपने राज्य के नाम से जाना जाए। कड़ी मेहनत के बाद जाकर आज मानुषी मिस इंडिया वर्ल्ड बनी हैं।
कई डांस प्रतियोगिताओं में मानुषी ने अवार्ड जीते हैं। डांस करने का शौक बचपन से था। स्कूल से ही स्टेज पर आने का शौक लिए ये चेहरा आज इंडिया के एक बड़े स्टेज पर खड़ा है। जिसे देखने के लिए हर कोई बेताब है।