विस्तार
हमारे यहां यात्रा के लिए अगर कोई सबसे वीआईपी चीज़ है तो वो है हवाई जहाज़। बड़े-बड़े मंत्री, नेता-अभिनेता सब इसी से यात्रा करते हैं। कभी-कभी हम जैसे आम लोग भी कर लेते हैं। इसकी सुरक्षा का खास ख्याल रखा जाता है। बम और विस्फोटक तो छोड़िए, आप कोई लिक्विड भी इसमें नहीं ले जा सकते हैं (बिना परमिशन के)। कई चेकिंग पॉइंट्स होते हैं, जिससे होकर फ्लाइट तक पहुंचने में लगभग आधा घंटा खप जाता है। अब अगर इंसान यहां भी असुक्षित हो तो सोचिए कैसा महसूस होगा।
आज सुबह करीब 8:20 पर एक औरत ने फोन किया था। बता रही थी कि रजरहाट से है। सूचना या धमकी कह लें, यह थी कि कोलकाता से गुवाहाटी जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI-729 को आज 9:30 बजे उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद से अफ़रा-तफ़री मची हुई है। सभी यात्रियों को जहाज़ से उतारा गया। एयरपोर्ट पर भारी भीड़ है। कई यात्रियों में गुस्सा भी है, जिनसे हम इतना ही कहेंगे कि दुर्घटना से देर भली। चेकिंग चल रही है, खूब छानबीन हो रही है। देखते हैं धमकी में कितनी सच्चाई है पर रिस्क नहीं लिया जा सकता इसलिए ये बेहद ज़रूरी भी है।
अभी एक महीने पहले की ही बात है। चेन्नई से एक फ्लाइट ने उड़ान भरी - AN-32। आज तक लापता है, उसका कुछ पता ही नहीं चला। किसी ने हाइजैक कर लिया है या कोई दुर्घटना हुई है ये भी नहीं पता। अभी तक छानबीन चल ही रही है। चेन्नई के AN-32 के बाद शायद यह दूसरी घटना होती अगर फ्लाइट को मौके पर नहीं रोका जाता।