विस्तार
भाजपा सरकार 'मोदी सरकार' के नाम से कहीं ज्यादा प्रचलित है। याद आता है कि 2014 में लोगों से अक्सर ही सुनने को मिलता था कि कांग्रेस-भाजपा को तो खूब देख लिए इस बार वोट सिर्फ़ मोदी के नाम। इस तरह का विश्वास था जनता को मोदी पर कि सारी राजनीतिक पार्टियां एक साथ खड़ी होकर भी अकेले नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं कर पाईं। इसका मतलब समझते हैं मोदी जी? ये जो जन-सैलाब आपकी हर रैली को सिर-आंखों पर बिठाए रखता है, वो आपको अनन्य मानता है। इसके साथ ही आपकी अनन्य बनने की ज़िम्मेदारी खुद-ब-खुद शुरू हो जाती है।
जब जनता आपको खेवनहार मान रही है तो आप काहे पिछली सरकार-पिछली सरकार का रट लगाए रहते हैं? अरे अब बाहर भी आ जाइए। दो साल हो गए हैं आपको आए हुए। उनको पिछली सरकार के बारे में सुनना होता तो पिछली सरकार से ही सुन लेते। नहीं तो वैसे भी आरोप-प्रत्यारोप तो सभी एक-दूसरे पर करते ही रहते हैं। इसके लिए अलग से आपकी ज़रूरत थोड़े न थी। लोग आपको थोड़ा अलग मानते हैं साहब! उस अनोखेपन की कद्र कीजिए। आप तुलना कर के ही अपना काम बिगाड़ते हैं।
"पिछली सरकार की बनवाई सड़कें ज़मीन पर नज़र नहीं आतीं। पिछले दो सालों में भ्रष्टाचार की कोई खबर नहीं आई। पहले भ्रष्टाचार की भरमार थी".. यही सब जानने के लिए थोड़े न आपको वोट दिया गया था। अपने काम का बखान करते नहीं थकते आप। ये करते रहिए, इतना चलता है। जनता आपके मन की बात सुन ही रही है, ये भी सुन लेगी। पर अपनी बात करने की आदत डालिए। जो सरकार पहले से ही डूबती आ रही है उसे बार-बार आप ही जीवित कर रहे हैं।
एक बात और पूछनी है आप से। इतना तो समझ आ ही रहा है कि 2017 के चुनाव की तैयारी चल रही है इसलिए ये सालगिरह समारोह सहारनपुर में ज्यादा उचित था। पर उत्तर प्रदेश को एक मुख्य मंत्री की ज़रूरत होगी जनाब! प्रधानमंत्री तो देश का होता है। आप असम से लेकर बंगाल और केरल में खूब नज़र आए, अपने दल के दूसरे लोगों को भी आगे कीजिए। केरल में आपकी पार्टी जीत जाती तो आप मंत्री बनने जाते क्या? शक्ति का विकेंद्रीकरण समझते हैं आप? ऐसा मत होने दीजिए कि पूरी पार्टी में आप ही नज़र आएं। इसके क्षणिक लाभ तो मिलेगा आपकी ख्याति को पर अगर आपको लम्बी रेस का घोड़ा बनना है तो ये रास्ता गलत है।
और हां, पसीना बहुत पोंछने लगे हैं आप। सबकुछ ठीक तो है न सर? इंतेज़ाम ठीक नहीं था क्या सहारनपुर में?
अरे! एक बात तो कहना ही भूल गई। सालगिरह की अनेकोंनेक शुभकामनाएं!!! :)