विस्तार
तकनीक हमें तेजी से आगे ले जा रही है लेकिन कई बार हमें ये नहीं पता होता है कि किधर जा रहे हैं। अब जापान को ही देख लें। वहां विकास की दौड़ इतनी तेज है कि वहां शादी को ही टेक्निकल मामला बना दिया। टेक्निकल से मतलब ये है कि वहां शादी तकनीकी तरीके से नहीं हो रही है बल्कि शादी ही तकनीक से हो रही है। जी हां… आप माने या न मानें, जापान में लड़कों की वर्चुअल शादियां कराई जा रही हैं, क्योंकि वहां के लड़कों को पसंद आ रही हैं एनिमेटड दुल्हन।
पिछले कुछ दिनों में जापान में एक अजीब तरह की समस्या उभरकर सामने आई है। वहां के लड़कों के बीच शादी नहीं करने का फैशन चल रहा है। अब इसका असर वहां के बर्थ-रेट पर पड़ रहा है। लेकिन बाजार तो बाजार है जापान में खुशियां आए या सुनामी, अपने लिए व्यवस्था ढूंढ ही लेता है। शादी के प्रति लड़कों की कम दिलचस्पी को देखते हुए वहां वर्चुअल शादी का ट्रेंड चल निकला है।
कंपनी ने ऑफर शुरू कर दिए है। लड़कों की शादी एनिमेटेड कैरेक्टर्स से कराई जा रही है। इस एनिमेटेड कैरेक्टर का नाम वाइफ से मिलता-जुलता वेफू रखा गया है। इसके लिए शादी की अलग सी वेबसाइट बनाई गई है। लड़के रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। एनिमेटेड बीवी से वर्चुअल शादी करने के बाद लड़के पोस्ट वेडिंग फोटो शूट भी करवा रहे हैं। मजे की बात ये है कि वेबसाइट इसके लिए 3870 रुपये का स्टाइपैंड भी दे रही है।
चलो ये सब तो अच्छा है लेकिन सवाल वही का वही बना हुआ है। ऐसी शादी का परिणाम क्या-क्या हो सकता है। क्या इससे बच्चे डाउनलोड करने पड़ेंगे? जिस परेशानी का सामना जापान कर रहा था उसका हल तो इस वर्चुअल शादी से निकलना नहीं है। फिर इस ट्रेंड को क्यों बढ़ावा दिया जा रहा है। इस सवाल का जवाब खुद जापान के पास नहीं है।