विस्तार
क्या कोई हथियार जुटाने के लिए भी सनकी हो सकता है। अमेरिका के 71 वर्षीय मेल बर्न्सटेन ने अपनी जिंदगी हथियार जमा करने में जुटा दी। उनकी यह सनक और शौक धीरे-धीरे एक म्यूजियम में बदल गई, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
बर्न्सटेन के पास 200 से ज्यादा मशीन गन, 80 सैन्य वाहन और अनगिनत ग्रेनेड लांचर हैं। मूल रूप से न्यूयॉर्क के ब्रोकोलिन में रहने वाले बर्न्सटेन में हथियारों की सनक इस कदर है कि उनके बेडरूम की दीवारों पर भी बंदूकें ही टंगी हुईं हैं।
बर्न्सटेन के चाहने वाले भी हजारों हैं। सोशल मीडिया में 37 हजार लोग उन्हें फॉलो करते हैं। कोलोराडो के ई पासो काउंटी में 260 एकड़ जमीन में बर्न्सटेन का ड्रैगन लैंड है। बर्न्सटेन को उनके चाहने वाले ड्रैगन नाम से बुलाते हैं। यह नाम उन्हें 1970 के आसपास मिला।
बर्न्सटेन ने अपनी हार्ले डेविडसन बाइक के पीछे से उसमें ड्रैगन जोड़ दिया। उनके इस कारनामे ने उन्हें यह नाम दिलवाया। ड्रैगन लैंड में बने सैन्य म्यूजियम को देखने रोजाना सैकड़ों लोग आते हैं।
बर्न्सटेन के हथियार अपने आप में खास हैं। उनके कलेक्शन में प्रथम विश्व युद्ध व वियतनाम युद्ध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी शामिल हैं। बर्न्सटेन के कलेक्शन की अनुमानित लागत 64 करोड़ रुपये के आसपास है। इसके अलावा 51 करोड़ रुपये से ज्यादा की बंदूकें भी उनके पास हैं। द्वितीय विश्व युद्ध में इस्तेमाल किया गया एक बंकर भी बर्न्सटेन के कलेक्शन में शामिल है।