विस्तार
थाईलैंड के नकोन नायोक प्रांत स्थित फ्रॉमनी के रहने वाले 58 वर्षीय तंबन प्रैजर्ट जिला प्रमुख हैं। ये एक जाने माने कंस्ट्रक्शन व्यवसायी भी है। इनकी असल जिंदगी के बारे सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है। स्थानीय मीडिया खबरों के मुताबिक, तंबन अब तक 120 शादियां कर चुके हैं। वह भी पत्नियों की सहमति से। उनके 28 बच्चे भी हैं। उनका पारिवारिक जीवन हंसी-खुशी से चल रहा है।
उनकी 22 पत्नियां फ्रॉमनी में ही उनके घर के आसपास ही रहती हैं, जबकि बाकी थाइलैंड की दूसरी जगहों पर रहती हैं।
तंबन अपनी शादी की बात सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे, लेकिन मीडिया में इसकी खबर आने के बाद उन्होंने इसे स्वीकारा। इसके बाद उन्होंने प्रेसवार्ता करके अपने परिवार के बारे में बताया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘हां! मेरी 120 बीवियां और 28 बेटे-बेटियां हैं।’
उन्होंने बताया कि 17 साल की उम्र में उनकी पहली शादी हुई। उनकी पहली पत्नी दो साल छोटी है और दोनों से तीन बच्चे भी है। इसके बाद उनकी शादी करने का सिलसिला शुरू हो गया।
तंबन ने अधिकांश शादियां 20 साल से कम उम्र की युवतियों से की। वह कहते हैं उन्हें अधिक उम्र की औरतें पसंद नहीं हैं, क्योंकि वे बहुत बहस करती हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि अभी और शादी करने की उनकी इच्छा है या नहीं।
हर नए घर में नई बीवी के साथ पहुंचते थे
तंबन कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने जब इसकी शुरुआत की तो उन्हें शादी करने की आदत लग गई। वह हर नए घर में नई पत्नी के साथ जाते थे। वह जब भी नई शादी करते तो अपनी पुरानी बीवियों को उसकी जानकारी देते रहते थे। तंबन की सबसे नई बीवी का नाम फोन है।