विस्तार
बिहार से अजीबो-गरीब घटना सामने आई है, जहां एक जहरीले सांप ने महिला को काटा तो महिला ने भी सांप को काट लिया। हालांकि इस बात पर यकीन करना मुश्किल है लेकिन वास्तविकता में ऐसा ही हुआ है। घटना बिहार के गोपालगंज की है, सांप और महिला दोनों की मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि महिला से पहले ही सांप की मौत हो गई। इस मामले की चर्चा सोशल मीडिया से लेकर हर मंच पर हो रही है।
गोपालगांज के श्योपुर गांव में नरेश गौतम की पत्नी रंजीता को एक जहरीले सांप ने डस लिया। महिला ने शोर मचाना शुरू किया तो गांव वाले जुट गए। किसी तरह सांप को ढूंढ कर निकाला गया। इसी बीच गांव में किसी शख्स ने सलाह दी कि अगर सांप को काट लिया जाए तो उसका सारा जहर उतर जाता है। फिर क्या था, महिला ने सांप को जोर से काट लिया। महिला के काटते ही सांप ने तड़पकर दम तोड़ दिया।
पीड़ित महिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की मौत रास्ते में ही चुकी थी। अंधविश्वासी लोगों की लापरवाही को नजरअंदाज करके अगर महिला को सही समय पर अस्पताल पहुंचाया गया होता तो शायद उसकी जान बच जाती। पीड़िता के परिजन मरे हुए सांप को भी अस्पताल में छोड़कर चले गए और महिला की मौत के बाद एक तांत्रिक को बुला कर ले आए, जिसका दावा था कि वो महिला को जिंदा कर देगा।