विस्तार
Police Arrested A Cow:जब कोई व्यक्ति कोई अपराध करता है, तो कानून उसको सजा देने के लिए पहले उसे हिरासत में ले लेती है। लेकिन इन दिनों एक मामला काफी चर्चा में है, जिसमें पुलिस ने संगीन अपराधी के तौर पर एक गाय को हिरासत में लिया है। जी हां, हत्या का आरोप लगने के बाद पुलिस ने एक गाय को हिरासत में ले लिया। अब इस गाय पर मुकदमा भी चलाया जाएगा। इतना ही नही यदि आरोप सही साबित हुआ तो गाय को जेल की सजा भी मिल सकती है। पूरा मामला साउथ सूडान के लेक्स स्टेट का है। इस गाय पर 12 साल के एक लड़के की हत्या का आरोप है। दरअसल, यहां के एक फार्म के नजदीक मौजूद एक बच्चे पर हमले के आरोप में एक गाय को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने इसकी बात की पुष्टि करते हुए बताया है कि गाय के साथ उसके मालिक को भी हिरासत में ले लिया गया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, गाय का हमला इतना जोरदार था कि लड़के की तुरंत मौत हो गई। साउथ सूडान पुलिस के प्रवक्ता मेजर एलिजा मबोरो का कहना है कि गाय उनकी गिरफ्त में है और उसे रुंबेक सेंट्रल काउंटी पुलिस स्टेशन में रखा गया है। वहीं मृत लड़के के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए घर भेज दिया गया।
पहले भी सामने आया ऐसा मामला
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस देश में इससे पहले भी जानवरों को अपराधी पाए जाने पर अरेस्ट किया गया था। साथ ही उन पर मुकदमा भी चलाया गया, जिसके बाद उन्हें सजा भी दी गई।
बता दें, एक महीने पहले ही एक भेड़ को गिरफ्तार किया गया था, जिसपर 45 साल की महिला के मर्डर के आरोप था। आरोपी भेड़ पर मुकदमा भी चला और आखिर में उसे तीन साल जेल की सजा दी गई। जब भेड़ की सजा पूरी हो जाएगी, तो उसे मृतक के परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।
क्या कहता है यहां का कानून?
एक रिपोर्ट की मानें तो सूडान के कानून के मुताबिक अगर कोई भी पालतू जानवर अगर किसी की जान ले लेता है, तो उसकी सजा खत्म होने के बाद हर्जाना के तौर उसे मृतक के परिवार वालों को ही सौंप दिया जाता है।