विस्तार
World’s Most Haunted Place Poveglia: बहुत से लोग भूत-प्रेत पर विश्वास करते हैं, तो कुछ लोग इसे केवल मन का भ्रम मानते हैं। लेकिन कई बार कुछ ऐसा हो जाता है कि हम न चाहते हुए भी आत्माओं जैसी चीजों को लेकर संदेह करने लगते हैं। दुनिया में कई ऐसी भूतिया जगहें हैं, जहां जाने के लिए सरकारों ने भी मना किया हुआ है। ऐसी जगहें भूत-प्रेत और आत्माओं के बारे में सोचने पर मजबूर कर देती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही जगह के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में है। दरअसल, इटली के पोवेग्लिया आइलैंड के बारे में कई रहस्यमयी किस्से सुनने को मिलते हैं। लोगों का मानना है कि यहां साक्षात मौत का वास है, जो भी यहां गया है वह वापस नहीं लौटा।
दुनियाभर में मौजूद भूतिया जगहों का सच पता करने के लिए कई लोग वहां जाते हैं। इस आइलैंड पर बहुत से लोगों ने जाने की कोशिश की लेकिन इनमें से कुछ तो कभी वापस नहीं आ पाए और जो वापस आए वह इस आइलैंड को शापित मानते हैं। लोगों का कहना है कि यहां से बेहद अजीबोगरीब आवाजें सुनाई देती हैं। यही वजह है कि जो भी वहां जाता है, उसके वापस आने की गारंटी इटैलियन सरकार भी नहीं लेती है। हालांकि, सरकार द्वारा टापू पर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
मिट्टी में है इंसानी हड्डियां
यह रहस्यमयी आइलैंड इटली के वेनिस शहर और लिडो के बीच मौजूद है, जिसे वेनेशियन खाड़ी कहते हैं। इस जगह पर ऐसे कई राज हैं, जिनसे आज तक पर्दा नहीं उठ पाया है। यह टापू 17 एकड़ में फैला है। कहा जाता है कि यहां की आधी जमीन इंसानी अवशेषों से बनी है। इसके इतिहास के बारे में बताया जाता है कि जब इटली में प्लेग की महामारी फैली तो सरकार ने 1 लाख 60 हजार लोगों को इस आइलैंड पर लाकर जला दिया था, ताकि महामारी और अधिक न फैले। इसके अलावा जब यहां ब्लैक फीवर फैला था, तो एक बार फिर सरकार ने इसी आइलैंड में बीमारी से मरे लोगों को दफनाया था।