सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा शादियों के वीडियो ही वायरल होते हैं। आज हम आपको एक ऐसी शादी के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से शेयर किया जा रहा है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के जौनपुर से वायरल इस वीडियो को अबतक करीब 1 करोड़ 20 लाख बार देखा जा चुका है। शादी के इस सीजन में करीब दो साल पुरानी ये वीडियो फिर से वायरल हो रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ये वीडियो 6 जून 2017 का है।
मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र का था। सरायरुस्तम गांव के रहने वाले राम करण की बेटी ऊषा (20) की शादी 30 साल के अरविंद कुमार के साथ होनी थी। द्वारपूजा की रस्म के बाद स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन पहुंचे थे। दुल्हन के विरोध करने के बाद भी घरवालों ने जबरन जयमाला करवा दिया।
बताया जा रहा है कि दुल्हन करीब पांच मिनट तक दूल्हे का चेहरा देखती रही और फिर माला फेंकते हुए कहा- 'मुझे बुढ्ढे से शादी नहीं करनी। मैंने गरीबी में पढ़ाई की है, मेरे साथ धोखा हुआ है'। वहीं दुल्हन के पिता ने कहा- झूठ बोलकर बिचौलिए ने ये शादी तय करवाई थी। हमे लड़के की उम्र 30 साल बताई गई थी लेकिन हमारे साथ धोखा किया गया।
ऊषा ने कहा कि उसे बताया गया था कि अरविंद की उम्र 30 साल है और रंग सांवला है लेकिन वह बुड्ढा है और उसका रंग भी एकदम काला है। ऊषा ने कहा- मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। मैं अपनी जिंदगी बर्बाद नहीं होने दूंगी। इतना ही नहीं, यह बुड्ढा लग रहा है। कुछ भी हो जाए, मैं यह शादी नहीं कर सकती। इसके बाद दुल्हन स्टेज से उतरकर सीधे घर में चली गई।
पूरे मामले में लड़के के पिता का कहना है कि हमने अरविंद की बिल्कुल सही उम्र बताई थी, वह 30 साल का है और दिल्ली में अपना काम करता है। अरविंद के पिता ने कहा कि लड़की ने उम्र का झूठा आरोप लगाया है। शादी में 10 साल की उम्र का अंतर चलता है। हम किसी की बेटी को बदनाम नहीं करेंगे। अगर लड़की शादी नहीं करना चाहती तो हम जबरदस्ती नहीं करेंगे।