बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान आज किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। उन्हें पूरी दुनिया जानती और चाहती है। उन्होंने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं, जो कहानी से लेकर एक्शन और यहां तक कि कमाने के मामले में भी बेहतरीन रही हैं। यूं तो सलमान खान की हर चीज के बारे में लोग जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि वो अपनी दाईं कलाई में एक नीले पत्थर वाला ब्रेसलेट हमेशा क्यों पहने रहते हैं? आखिर क्या है इस ब्रेसलेट का राज?
सलमान खान अपने इस ब्रेसलेट को कभी भी अपने आप से दूर नहीं रखते हैं। यहां तक कि फिल्मों की शूटिंग के वक्त भी वह उसे नहीं उतारते। इसीलिए बहुत से लोग ऐसे हैं जो यह जानना चाहते हैं कि आखिर सलमान खान इस ब्रेसलेट को क्यों हमेशा पहने रखते हैं।
सलमान खान हर वक्त जो ब्रेसलेट पहने रहते हैं, वो फिरोजा रत्न से बना है। उनके इस ब्रेसलेट की चौड़ाई 1.75 सेमी है और इसका वजन करीब 100 ग्राम है। जानकारी के मुताबिक, सलमान को यह ब्रेसलेट उनके पिता सलीम खान ने दिया था। इसलिए वो इस ब्रेसलेट को खुद से दूर कभी नहीं करते हैं। वैसे और भी कई कारण हैं कि सलमान इस ब्रेसलेट को हमेशा पहने रखते हैं।
सलमान के कुछ फैंस का मानना है कि यह फिल्मों में सलमान की बेशुमार सफलता के कारणों में से एक है, इसलिए वो इसे पहने रखते हैं। कहा यह भी जाता है कि इस ब्रेसलेट में लगा फिरोजा रत्न मजबूत ब्रह्मांडीय गुणों के साथ सुरक्षा का एक शक्तिशाली रत्न है। ये भी कारण हो सकता है कि वो ब्रेसलेट को कभी खुद से अलग नहीं करते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान के इस ब्रेसलेट की कीमत करीब 55 से 60 हजार रुपये है, क्योंकि इसमें लगा फिरोजा रत्न काफी कीमती माना जाता है। यह पत्थर सिर्फ यूरोप की प्राचीन पहाड़ियों पर ही पाया जाता है।