विस्तार
सफर के दौरान आपने अक्सर सड़क किनारे लगे मील पत्थरों को देखा होगा। हम इन पत्थरों में लिखे किमी के हिसाब से जान लेते हैं कि हमारी मंजिल कितनी दूर है। लेकिन कभी आपने इनके रंगों पर गौर किया है। जी हां, इन पत्थरों का रंग पीला, हरा वगैराह भी होता है। पर शायद ये जानकारी बहुत ही कम लोगों को होगी कि इन रंगों का भी एक संकेत होता है और ये आपके सफर में मददगार साबित हो सकते हैं... तो आइए आपको बताते हैं कि किस रंग का क्या संकेत होता है...
पीला-सफेद पत्थर
सफर के दौरान जब आपको सड़क के किनारे पीला-सफेद रंग का मीलपत्थर लगा दिखाई दे, तो इसका मतलब है कि आप नैशनल हाईवे पर सफर कर रहे हैं। पीला-सफेद पत्थर नेशनल हाईवे पर ही लगाए जाते हैं।
हरा-सफेद पत्थर
अक्सर सफर के दौरान आपने सड़क किनारे हरा-सफेद रंग का मील पत्थर लगा देखा होगा। इसका मतलब है कि आप स्टेट हाईवे पर यात्रा कर रहे हैं। इस रोड के रख रखाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है।
नीला या काला-सफेद पत्थर
जब यात्रा के दौरान आपको नीला-सफेद या काला-सफेद रंग का मीलपत्थर दिखाई दें, तो समझ जाइए कि एक बड़ा शहर आपके नजदीक है और यह सड़क उस शहर से संबंधित जिले के अधीन होती है।
नारंगी-सफेद पत्थर
यात्रा के दौरान अगर आपको सड़क किनारे नारंगी-सफेद रंग का पत्थर लगा दिखाई देता है, तो समझ जाइए कि इसका निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत किया गया है और ये हाईवे से किसी गांव की ओर जाने वाला लिंक रोड है।