आमतौर पर लोग अपनी बीमारियों का इलाज कराने के लिए डॉक्टर के पास जाते हैं, लेकिन एक ऐसी गुफा भी है जहां लोग सोने और बीमारियों का इलाज कराने के लिए जाते हैं। यहां आने के बाद लोगों को गंभीर बीमारी से छुटकारा मिल जाता है। ऐसे में बीमारी से परेशान लोग यहां कुछ वक्त बिताने के बाद हंसते हुए अपने घर जाते हैं।
यह गुफा ऑस्ट्रिया के गास्तिन में है। कहते हैं कि यहां सबसे पहले लोग सोने की खान की खोज में आए थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि इस गुफा में पाई जाने वाली गैस से बड़े से बड़ा रोग भी ठीक हो सकता है। उसके बाद लोग यहां आना शुरू कर दिए। हर वक्त यहां अलग-अलग देश से लोग आते रहते हैं।
दरअसल, इस गुफा में रेडॉन गैस पाई जाती है और ऐसा माना जाता है कि इस गैस के संपर्क से कई गंभीर बीमारियों का इलाज संभव है। रेडॉन गैस एक रेडियोएक्टिव गैस होती है, जो गुफा के गर्म वातावरण में कई बीमारियों पर गहरा असर दिखाती है।
इस गुफा में आकर अपना इलाज करवा चुके लोगों का मानना है कि यहां निकलने वाली गैस अर्थराइटिस (गठिया) और पसोरिएसिस (त्वचा संबंधी रोग) जैसी बीमारियों के इलाज के लिए कारगर है।
इसे यहां पर प्राकृतिक इलाज के रूप में देखा जा रहा है। यूरोप और अन्य देशों से काफी लोग यहां इलाज के लिए आते हैं। इस गुफा तक लोगों को लाने के लिए ट्रेन भी चलाई जाती है। यहां हर वक्त डॉक्टरों की मौजूदगी रहती है, जो लोगों को उनकी बीमारियों से निजात दिलाने में मदद करते हैं।