विस्तार
सिनेमा हॉल में फिल्म जग्गा जासूस चल रही थी। सब लोग फिल्म देख रहे थे, लेकिन पीछे की सीट पर शराब के नशे में धुत एक शख्स फिल्म नहीं, कुछ और देख रहा था। उसकी गंदी नजर आगे की सीट पर बैठी महिला पर थी। फोन ढूंढ़ने का बहाना लेकर वह छेड़खानी पर उतर आया। गंदे कमेंट्स पास करने लगा।
इस घिनौनी करतूत का सामना एक बहुत सुपर-डुपर हिट फिल्म का हिस्सा रहीं प्रिया अरुण को करना पड़ा।
स्पॉटबॉय की खबर के मुताबिक प्रिया अरुण ने मनचले को सबक भी सिखा दिया।
प्रिया अरुण दिवंगत मराठी अभिनेता लक्ष्मीकांच बेर्डे की पत्नी हैं। प्रिया ने अपने पति के साथ ही फिल्म हम आपके हैं कौन में काम किया था।
प्रिया ने पहले तो मनचले को डांटा, लेकिन जब वह सिनेमा हॉल से बाहर निकलीं तो आरोपी दो और लोगों के साथ बाहर उनका इंतजार कर रहा था। इस पर प्रिया ने सिनेमा हॉल के सुरक्षाकर्मियों की मदद से मनचलों को हवालात भिजवा दिया और पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा दी।