विस्तार
आधा चेहरा क्लीन शेव। आखों में काजल और होठों पर लाल लिपस्टिक। चेहरे का दूसरा हिस्सा मर्दाना। गठीला शरीर। तन पर कपड़े ऐसे कि कन्फ्यूज हो जाएंगे कि इसे लड़कियों के लिए बनाया गया है कि लड़कों के लिए। काले और स्लेटी रंग की लिबास में दिख रहा लड़का बॉलीवुड का नामी एक्टर है। मां-बाप दोनों दिग्गज कलाकार। मगर स्टार किड से पटी इंडस्ट्री का यह सितारा बाकियों की तरह बॉलीवुड पार्टियों में कम ही चमकता है।
इस सितारे की चमक पर्दे पर और प्राइवेट पार्टीज में ही देखने को मिलती है। नाम है प्रतीक बब्बर। प्रतीक कभी कभार ही मीडिया को अपने दर्शन देते हैं। और उनके लव लाइफ में झांकने का मौका तो और भी दुर्लभ हैं। आखिरकार वह किसी का हाथ थामे, किसी के फ्लाइंग किस देते नजर आए हैं। मगर एक मिनट, जिसका हाथ प्रतीक ने थामा है, उसका कैरेक्टर थोड़ा अजीब लग रहा है। है ना!
प्रतीक बब्बर ने जिसका हाथ पकड़ा है, उसकी तो दाढ़ी है। तो क्या यह बॉलीवुड एक्टर गे हैं? क्या वह किसी लड़के को डेट कर रहा हैं? कहीं इसी वजह से तो उन्होंने अपनी लव लाइफ सबसे छुपाकर नहीं रखी?लवर की दाढ़ी भले हो मगर लिबास तो जनाना है। फ्रॉक और बूट तो लड़कियां पहनती हैं ना? कहीं इस एक्टर का लवर मानसिक रोगी तो नहीं?
किसी के कपड़े और मेकअप को देखकर हम इसी तरह किसी को भी जज करते हैं ना? जो समाज के तय मापदंडों पर खरा नहीं उतरता या उसकी परवाह नहीं करता, तो हम बड़ी आसानी से उसे रोगी कारार देते हैं ना? बस हमारी इसी सोच को झकझोरने के लिए एक्टर प्रतीक बब्बर और उनके मेकअप आर्टिस्ट जेसन आर्लैंड ने इस तरह की वेशभूषा में रैंप वॉक किया।
लैक्मे फैशन वीक विंटर फेस्टिव 2018 में डिजाइनर सोहाया मिश्रा के कलेक्शन Bye Felicia के लिए प्रतीक शो-स्टॉपर बने। यह पूरा कलेक्शन ट्रांसजेंडर्स की थीम पर तैयार किया गया। वैसे तो कई अंतर्राष्ट्रीय फैशन डिजाइनर भी इस थीम को भुना चुके हैं। मगर जिस अंदाज में प्रतीक बब्बर ने रैंप वॉक किया, उसने पूरे शो में चार चांद लगा दिया। देखें वीडियो-