विस्तार
बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं जिन्होंने सक्सेस पाने के लिए कड़ी से कड़ी मेहनत की। दमदार एक्टिंग की, कई फिल्में की और रियल लाइफ में भी अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हुए। लेकिन वहीं कुछ स्टार्स ऐसे भी हैं जिन्हें सफलता तो मिली लेकिन अचानक फिल्मी दुनिया और ग्लैमरस लाइफ को बाय-बाय करके चले गए।
उन्हीं कुछ स्टार्स में एक नाम 'चांदनी' का भी है। जो एक समय सलमान जैसे सुपरस्टार के अपोजिट दिखी थी लेकिन आज ग्लैमर की दुनिया से दूर हो चुकी हैं। खास बात यह भी है कि बॉलीवुड में गुमनाम रही चांदनी आज विदेश में खूब चर्चा बटोर रही हैं। जिन्हें आखिरी बार पर्दे पर 1996 में देखा गया था।
आपने अगर सलमान की फिल्म 'सनम बेवफा' देखी होगी तो इस एक्ट्रेस का चेहरा याद होगा। इनका नाम चांदनी है। ‘सनम बेवफा’ चांदनी की पहली फिल्म थी और जबरदस्त हिट रही। लेकिन सुपरहिट का स्वाद चखने के बाद भी चांदनी का फिल्मी करियर बहुत आगे नहीं बढ़ा। ‘सनम बेवफा’ सहित चांदनी ने 1991 से 1996 तक कुल 10 फिल्मों में काम किया, लेकिन असफल फिल्मों की लंबी होती फेहरिस्त को देख उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया।
बहुत कम लोगों को ही पता होगा कि इस एक्ट्रेस का असली नाम चांदनी नहीं है। चांदनी इनका स्क्रीन नेम था जबकि असली नाम नवोदित शर्मा है। लेकिन वह चांदनी के नाम से ही जानी जाती हैं। देश छोड़ परदेस में बस चुकीं चांदनी आज दो लड़कियों की मम्मी हैं। जिनका नाम उन्होंने करीना और करिश्मा रखा है। बड़े पर्दे पर चांदनी आखिरी बार 1996 में फिल्म ‘हाहाकार’ में नजर आई थीं। वह 1993 में रिलीज ‘1942: ए लव स्टोरी’ में भी चंदा के किरदार में थीं।
चांदनी को बचपन से ही डांसिंग का शौक था। चांदनी पांच साल की उम्र से ही मॉडर्न और क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग ले रही थीं। फिल्मों में करियर संवर नही सका तो उन्होंने अपने डांस के सपने को साकार किया। चांदनी अब एक डांस टीचर बन गई हैं। वह ऑरलेंडो में एक डांस इंस्टीट्यूट चलाती हैं। डांस सिखाने के अलावा चांदनी इंटरनेशनल लेवल पर कई डांस शोज भी कर चुकी हैं। बॉलीवुड में गुमनाम रही चांदनी आज विदेश में खूब चर्चा बटोर रही हैं।