जेल का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छे तुर्रम खान भी भीगी बिल्ली बन जाते हैं। जेल न जाना पड़े इसलिए इंसान गलत काम करने से बचता है, लेकिन एक ऐसा भी शख्स है जिसने गलत काम ही इसलिए किया ताकि वो जेल जा सके। जी हां सुनने में आपको बड़ा अजीब लग रहा होगा पर ये सच है।
मामला तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का है। जहां ज्ञानप्रकाशम नाम के शख़्स को जेल की जिंदगी इतनी याद आ रही थी कि उसने एक बाइक चुराने की सोची, चुराई और चुराने के बाद वो वहीं रुक गया और खुद सीसीटीवी कैमरे में अपना चेहरा दिखाने लगा, जिसके बाद उसकी मनोकामना को पूरी करने के लिए पुलिस भी वहां पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।
दरअसल, चेन्नई का रहने वाला 52 वर्षीय ज्ञानप्रकाशम इसी साल मार्च में चोरी के आरोप में पुजहल जेल में बंद था। कुछ समय पहले ही वो बेल पर छूटा था। जेल से बाहर आने के बाद उसे फिर से जेल की याद सताने लगी। वह जेल में बने अपने दोस्तों को और जेल के जायके को बहुत याद कर रहा था।
मीडिया से बातचीत के दौरान चेन्नई के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि, ज्ञानप्रकाशम के रिहा होने के बाद उसका पहले की तरह जीना आसान नहीं था क्योंकि परिवार ने भी उसको नजरअंदाज किया वहीं उसकी पत्नी और बच्चे हमेशा उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे थे। जिस कारण उसने घरेलू जिदंगी बिताने से बेहतर समझा कि वो एक अपराधी बनकर जेल में रहे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज्ञानप्रकाशम को जेल में रहने में मजा आने लगा था। यहां पर उसे ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर टाइम पर मिलता था। उसके जेल आने का दूसरा कारण यह भी था कि वह जेल में बने अपने दोस्तो को याद कर रहा था। यानी कहानी का सार यही है कि जो सुख उसे परिवार से नहीं मिला वो सुख उसने जेल में पा लिया। इस सुख के चलते ही उसने फिर चोरी की और ये अनोखा कारनामा कर दिखाया।