यूपी की इस 11 साल की बच्ची को किताबों से नहीं सांपों से है प्यार, करती है ऐसा काम
टीम फिरकी, नई दिल्ली
Updated Sun, 28 Oct 2018 07:20 PM IST
जहरीले सांपों से ज्यादातर लोग डरते हैं दोस्ती बहुत कम लोग करते हैं। हालांकि अगर डर की जगह दोस्ती हो जाए तो फिर बात ही कुछ और होगी। ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश की एक 11 वर्षीय बच्ची के साथ हुआ है। यहां घाटमपुर की रहने वाली काजल खान नाम की एक लड़की सांपों और अजगरों के साथ रहना पसंद करती है। सुनकर चौंक गए न...?
दरअसल, काजल को इनके साथ खाना खाना और सोना पसंद है। काजल का कहना है कि उसे सांपों से बिल्कुल डर नहीं लगता। उनके काटने से वह जरा भी नहीं घबराती। यहां तक कि कई बार सांप ने उसे काटा भी है लेकिन फिर दर्द अपने आप ठीक हो जाता है। काजल का कहना है कि सांप उसे उसकी गलती करने पर ही काटते हैं। अधिकतर ऐसा तब होता है जब वो उन्हें परेशान करती है। इस अजीबोगरीब शौक के चलते 11 साल की काजल फेमस हो गई है । काजल सांपों के साथ खेलती है।
काजल का कहना है कि उसे स्कूल जाना बिल्कुल पसंद नहीं। पढ़ाई में भी उसका मन नहीं लगता। उसे बस सारा दिन सांपों के साथ रहना पसंद है। काजल के परिवार में उसके पिता ताज मोहम्मद और बड़ा भाई सपेरे हैं। इस वजह काजल जन्म से ही सांपों और अजगरों के बीच पली है। काजल को सांप के काटने से डर तो लगता है लेकिन वह फिर भी उन्हें तंग करती है। अगर उसे सांप काट भी जाता है तो उसके पिता जंगल से दवा लाकर उसका फौरन इलाज कर देते हैं। इन्हीं जड़ी-बूटियों के सेवन से अब काजल पर सांप के जहर का असर नहीं होता।
काजल की मां चाहती है कि उसकी बेटी स्कूल जाए लेकिन वह न जाने की जिद करती है। काजल पहले स्कूल जाती थी। लेकिन अब उसने पढ़ना बंद कर दिया है। काजल की मां सलमा का कहना है कि काजल की इस छवि के चलते उसकी मां डरी रहती है। अब उससे आगे चलकर कोई शादी नहीं करेगा।
काजल के पिता का कहना है कि कई सारे लोग सांप से डरते हैं इसलिए लोग उनके परिवार से दूरी बनाकर रखते हैं। वह खुद भी कम ही लोगों से मिलते जुलते हैं क्योंकि लोगों को सांपों से डर लगता है। दूसरे घरों के बच्चे भी उनसे दूरी बनाते हैं क्योंकि ये परिवार सांपों के साथ रहता है।