विस्तार
फैशन वीक जोरों-शोरों से चल रहा था। एक से बढ़कर एक मॉडल्स बड़े-बड़े फैशन डिजाइनर्स के कलेक्शन को पेश कर रही थीं। इसी बीच बिकीनी पहने एक मॉडल जैसे ही रैंप पर उतरी, सभी की नजरें उसके बेबी बंप पर जा टिकीं। वह पूरे 9 महीने की गर्भवती थी। बड़े से पेट के बावजूद उसने ना सिर्फ बिकीनी पहनी, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना काम कर रही थी। तभी उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई...
इस मॉडल का नाम स्लीक वुड्स है। जब लेबर पेन शुरू हुआ तब वह मशहूर पॉप स्टार रिहाना के अंत:वस्त्र के ब्रांड सैवेज एक्स फेंटी को पेश कर रही थी। बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक महिला होकर रिहाना ने इतनी नाजुक हालत में गर्भवती मॉडल से काम क्यों करवाया?
दरअसल, रिहाना ने ना सिर्फ अपने गानों से बल्कि मौखिक तौर पर भी कई मंच पर बॉडी शेमिंग का विरोध किया है। उन्होंने कई बार कद-काठी और रंग-रूप के आधार पर भेदभाव का ना सिर्फ विरोध किया है बल्कि 'बॉडी पॉजिटिविटी' को लेकर लोगों को जागरुक करने की भी कोशिश की है। गोरे रंग और साइज जीरो को लेकर सनकी फैशन इंडस्ट्री में रिहाना न अपना ब्यूटी ब्रैंड फेंटी ब्यूटी पेश किया। इसी साल मई महीने में उन्होंने लॉन्जरी ब्रांड सैवेज एक्स फेंटी लॉन्च किया। न्यूयॉर्क फैशन वीक के दौरान इसे पेश करने की बारी आई तो उन्होंने हर रंग, रूप और कद-काठी वाली मॉडल्स का चुनाव किया।
वह लोगों को संदेश देना चाहती थीं कि एक महिला की खूबसूरती उसके रंग-रूप से परे है। यही वजह है कि बेबी बंप के बावजूद रिहाना ने एक प्रेग्नेंट मॉडल को मौका दिया। इस मॉडल ने भी रिहाना को निराश नहीं किया।
मॉडल स्लीक वुड्स को फैशन शो के दौरान जब लेबर पेन हुआ तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद मॉडल ने बेबी बंप में रैंप वॉक की फोटो पोस्ट करते हुए जबरदस्त संदेश लिखा। उन्होंने कहा, '14 घंटों की प्रसव पीड़ा और एक बच्चे का जन्म। यह प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला का चेहरा है। हममें से कई लोग तो यह जान भी नहीं पाते कि महिलाएं किस परिस्थिति का सामना कर रही हैं। मैं यहां यह कहना चाहती हूं कि मैं जो भी करना चाहती हूं, जहां भी करना चाहती हूं, कर सकती हूं। और आप भी ऐसा कर सकते हैं।'
मॉडल के इस पोस्ट पर लोग जमकर प्यार लुटा रहे हैं। गर्भावस्था में भी काम करने पर लोग उनके हौसले और सोच की सराहना कर रहे हैं। रिहाना के ब्रांड फेंटी ब्यूटी ने भी इंस्टाग्राम पर उन्हें बधाई दी।