चुनाव का दिन हो और कोई हंगामा ना हो यह भला कैसे हो सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज जहां लोग अपनी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कुछ कार्यकर्ता और नेतागण अपने हाथ-पैर की ताकत आपस में दिखा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) के दौरान मजनूं का टीला स्थित पोलिंग बूथ पर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता के बीच झड़प हो गई। मतदाता केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में AAP कार्यकर्ता वहीं मौजूद थे। पोलिंग बूथ के बाहर खड़ीं अलका लांबा किसी से बात कर रही थीं, तभी एक शख्स उनसे बार-बार यह पूछ रहा था कि '22 साल का लड़का किसका है, यह तो बता दो एक बार'। इस पर गुस्से में आकर चांदनी चौक से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने थप्पड़ मारने का प्रयास किया, हालांकि शख्स के पीछे हट जाने से थप्पड़ नहीं पड़ा। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
दिल्ली के रण में लड़ाई इस बार जोरदार रहेगी। जहां एक तरफ केजरीवाल की लहर साफ दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने भी चुनाव जीतने के लिए अपनी सारी ताकत झोंक दी है। इसके अलावा कांग्रेस ने भी अपने प्रचार-प्रसार में थोड़ी तेजी दिखाई थी। अब देखना यह होगा कि दिल्ली की जनता इस बार किसे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाती है।
दिल्ली में कुल 70 विधानसभा सीटें हैं. इस चुनाव में 672 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली के करीब 1.47 करोड़ मतदाता आज तय करेंगे कि दिल्ली पर किसका राज होगा। चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
आगे पढ़ें
चुनाव का दिन हो और कोई हंगामा ना हो यह भला कैसे हो सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज जहां लोग अपनी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कुछ कार्यकर्ता और नेतागण अपने हाथ-पैर की ताकत आपस में दिखा रहे हैं।