इस मेले में जाने से हो जाती है शादी, गालों पर गुलाल लगाने और पान खिलाने का रिवाज जानिए क्या है?
टीम फिरकी, नई दिल्ली
Published by:
Pankhuri Singh
Updated Fri, 11 Jan 2019 04:41 PM IST
फिल्मों में या असल जिंदगी में भी अापने ये तो जरूर सुना होगा की लड़के-लड़कियां मेले में अक्सर एक दूसरे से मिलने के बहाने जाया करते थे।लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि, भारत में एक जगह ऐसी भी है, जहां एक खास मेले में लड़कियां खूब सजधज कर जाती हैं और लड़के अपनी पसंद की लड़की को भगाकर शादी कर लेते हैं। साथ ही, ऐसा करना वहां का रिवाज भी है।
दरअसल, मध्य प्रदेश, इंदौर के आदिवासी इलाकों धार, झाबुआ और खरगोन में भगोरिया मेला बेहद धूमधाम से मनाया जाता है।भगोरिया के समय धार, झाबुआ, खरगोन क्षेत्रों के हाट-बाजार मेले का रूप ले लेते हैं।ये मेला होली के समय आयोजित होता है।
भगोरिया हाट-बाजारों में युवक-युवतीयां सजधज कर जीवनसाथी को ढूंढने आते हैं।इनमें आपसी रजामंदी जाहिर करने का तरीका भी बेहद निराला होता है।सबसे पहले लड़का लड़की को पान खाने के लिए देता है। अगर लडकी पान खा लें तो हां समझी जाती है।
इसके बाद लड़का लड़की को लेकर भगोरिया हाट से भाग जाता है और दोनों विवाह कर लेते हैं। दूसरा तरीका है, अगर लड़का लड़की के गाल पर गुलाबी रंग लगा दे और जवाब में लड़की भी लड़के के गाल पर गुलाबी रंग लगा दे तो भी रिश्ता तय माना जाता है।
इस बार भी भगोरिया के दौरान आदिवासी इलाकों में जमकर होली का गुलाल उड़ेगा और मेले लगेंगे । भगोरिया को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं, क्योंकि होली के पहले मनने वाले इस महोत्सव में महज दो माह ही बाकी है।
भगोरिया में अधिक से अधिक लोग जुटें और आदिवासियों की परंपरागत संस्कृति से अवगत हों इसके लिए पर्यटन विभाग खासे इंतजाम कर रहा है।पूरे एक सप्ताह तक यह महोत्सव अलग-अलग गांव में मनाया जाता है।