विस्तार
गेम ऑफ थ्रोंस...भोजपुरी में कहें तो सिंहासन का खेला। इस खेले ने दर्शकों का ऐसा रेला लगाया कि अमेरिका में क्या ये भारत में भी गजब ढा रहा है। दुनिया में इस शो की दीवानगी ने लोगों को बौरा रखा है। भले ही किसी शो या फिल्म की भाषा सिर के ऊपर से बाउंस हो जाए, पर मौज का बल्ला तो भांजना ही है।
नतीजा ये हुआ कि लोगों ने गेम ऑफ थ्रोन्स की विभिन्न भाषाओं में पैरोडी करनी शुरू कर दी। अब जब जुगाड़ शुरू हो गई, तो बिहार के लाला भी कहां पीछे रहने वाले थे। छा गया इंटरेनट में सिंहासन का खेला यानी गेम ऑफ थ्रोंस का भोजपुरी वर्जन।
नेड स्टार्क और लॉर्ड वैरिस जैसे अमेरिकी कलाकार जब भोजपुरी में संवाद छोड़ते हैं, तो लगता है जैसे इन दोनों ने अमेरिका के किसी प्राइमरी स्कूल से निकलकर बिहार के किसी विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की हो। ये ऐसे ही भोजपुरी बोलते रहे तो, निरहुआ और रवि किशन की कुर्सी खतरे में पड़ सकती है।
इंटरनेट पर गेम ऑफ थ्रोन्स के बिहारी वर्जन ने काफी गदर काट रखी है। माना जा रहा है कि यह भारत का भी सबसे ज्यादा पाइरेटेड टीवी शो बन गया है। हालांकि भोजुपरी में इस शो की पैरोडी करने वाले महान व्यक्ति ने अपनी पहचान गुप्त रखी है।
दुनिया के 170 देशों में इस सीरियल का प्रसारण होता है और इसे कई भाषाओं में पैरोडी कर कई देशों में चलाया जा रहा है। तो आप भी उठाइये भोजपुरी वर्जन का आनंद...