विस्तार
दो दिनों से एक विशालकाय गैंडे की तस्वीर सोशल मीडिया में छाई हुई हैं, गैंडे के साथ ही उसे दुलारते एक रेंजर की तस्वीर भी काफी वायरल हो रही है। अगर आपने ये तस्वीर देखी होगी तो ये ख्याल जरूर आया होगा कि आखिर ये मामला है क्या।
तो चलिए हम आपको बताते हैं ये पूरा मामला क्या है, क्यों ये गैंडा दुनियाभर में छाया हुआ है। तो सबसे पहले तो आपको ये बता दें कि अब ये गैंडा इस दुनिया में नहीं है, दो दिन पहले ही केन्या के एक चीडियाघर में इसकी मृत्यु हुई है।
45 साल के इस गैंडे का नाम सूडान है और ये दुनिया का आखिरी उत्तरी सफेद नर गैंडा था, अब इसके साथ ही इस प्रजाति के लुप्त होने की आशंका बनने लगी है।
हालांकि अभी दो मादा गैंडा तो जिंदा हैं लेकिन बिना नर गैंडे के आगे उनके प्रजनन करने की संभावना नहीं है, ऐसे में इस दुर्लभ प्रजाति के गैंडे के विलुप्त होने से वन्य जीव प्रेमी काफी दुखी हैं। सूडान की मौत के बारे में बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार था, और इसके चलते खाने पीने और घूमने फिरने में भी दिक्कत महसूस कर रहा था। जिसकी वजह से उसे सुखी मौत दी गई है।
बताया जाता है कि साल 2009 में इस गैंडे को दो अन्य मादा गैंडों के साथ सूडान से यहां इस उम्मीद से लाया गया था कि वह यहां प्रजनन कर इस कुनबे को और बढ़ा सकेगा, लेकिन ये कोशिश परवान न चढ़ सकी और सूडान की मौत के बाद अब बस दो मादा गैंडा रह गई हैं। हालांकि खबर ये भी है कि वैज्ञानिकों ने उसके जीन संबंधी नमूनों को सुरक्षित रख लिया है जिन्हें भविष्य में IVF तकनीक के माध्यम से इस प्रजाति को बढ़ाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।