आज के समय में लगभग हर इंसान सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता है। इसमें कोई अच्छे के लिए करता है तो कोई बुरे के लिए। कभी-कभी यही सोशल मीडिया लोगों की मौत का भी कारण बन जाता है। कुछ ऐसा ही मलेशिया में देखने को मिला है। यह मामला आपको हैरान कर देगा।
दरअसल, यहां एक 16 साल की लड़की ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट किया और लोगों से पूछा कि उसे आत्महत्या करनी चाहिए या नहीं? उसके इस सवाल पर लगभग 69 फीसदी लोगों ने कहा 'हां', जिसके बाद लड़की ने एक स्टोर की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
लड़की ने 13 मई को खुदकुशी का ये पोस्ट किया था। पुलिस के मुताबिक लड़की ने पोस्ट में लिखा था, 'यह बहुत महत्वपूर्ण है, कृपया डी (डेथ- मौत) या एल (लाइफ- जिंदगी) में से सही चुनने में मदद करें। ज्यादातर लोगों ने डी (डेथ- मौत) वाला ऑप्शन चुना था, जिसके बाद उसने मरने का फैसला कर लिया।
लड़की के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस का मानना है कि लड़की पारिवारिक तनाव में थी और इसी वजह से उसने ये फैसला किया होगा। पुलिस के मुताबिक, लड़की के सौतेले पिता ने वियतनाम में एक महिला से शादी कर ली थी और वहीं पर रहने लगा था। वह कभी-कभी ही मलेशिया आता था।
मलेशिया के युवा एवं खेल मंत्री सैयद सद्दीक सैयद अब्दुल रहमान ने इस हैरान करने वाली घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अफसरों को इस मामले में जांच करनी चाहिए और साथ ही देश को भी इस बात पर चिंतन करने की जरूरत है।
वहीं, पेनांग के सांसद और वकील रामकृपाल सिंह ने कहा कि उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने लड़की को आत्महत्या करने के लिए उकसाया। हालांकि इंस्टाग्राम ने इस घटना पर दुख जताया है और लड़की के परिवार वालों के प्रति संवेदना प्रकट की है।