आपने अपने जीवन में ऐसे कई इंसानों को देखे होगे जो अपने जीवन में खुद को साबित करने के लिए कड़ी मेहनत करते है। कुछ लोगों को दौलत पैतृक रूप में मिल जाती हैं तो वहीं कुछ लोग इसे अपने दम पर कमाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देते है, लेकिन क्या आपने किसी करोड़पति के बेटे को कोई छोटा काम करते हुए देखा है?ये सवाल सुनकर आपको ऐसा लगेगा कि हम आपको फिल्म का कोई सीन बता दे रहे हैं... लेकिन ऐसा कतई नहीं है।
गुजरात के रहने वाले 19 वर्षीय द्वारकेश के पिता का करोड़ों का तेल कारोबार है। अक्सर ऐसा देखा जाता है कि इन व्यापारियों के बेटे अपने व्यापार ज्वॉइन करते हैं, खुद की कंपनी शुरू करते हैं या विदेश जाकर पढ़ाई करना पसंद करते हैं। लेकिन द्वारकेश की कहानी इन सभी से बिल्कुल अलग है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले द्वारकेश करीब एक महीने पहले घर से भाग गए। उन्होंने अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ दिया था जिससे उनको ट्रेस करना भी आसान नहीं था। द्वारकेश के माता-पिता अपने बेटे को खोजने का लगातार प्रयास कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने पुलिस को भी सूचित किया।
पुलिस के अनुसार ''लड़का अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ गया था। हमारे पास सिर्फ वडोदरा रेलवे स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज और एक ऑटो-रिक्शा चालक का बयान था, जिसने उसे वडोदरा शहर के अक्षर चौक पर उतार दिया था।"
द्वारकेश वडोदरा से दिल्ली पहुंचा। नौकरी की उम्मीद में वो दिल्ली से शिमला चला गया। अपना गुजारा करने के लिए शिमला में उन्होंने एक होटल में बर्तन धोने का काम करने लगें। रात को वो सड़कों पर ही सोने लगें। होटल मालिक को एक दिन इन पर शक हो गया और उनसे पहचान पत्र की मांग कर दी। होटल मालिक को जब पता चला कि द्वारकेश गुजरात के पाडरा का रहने वाला है तो उन्होंने पाडरा पुलिस स्टेशन को फोन कर दिया। जांच करने पर पुलिस को पता चला कि ये वही 19 वर्षीय युवक है जिसकी उनको कई दिनों से तलाश है। द्वारकेश को जैसे ही इस बात की जानकारी हुई तो वो उस होटल से भी भाग गए। लेकिन काफी छानबीन के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
द्वारकेश के परिवार ने बताया कि वह हम सभी के सामने अपनी क्षमता साबित करना चाहता था। वो अपनी मेहनत व कोशिशों के दम पर एक दिन बड़ा आदमी बनना चाहता है। उसने ये साबित भी कर दिखाया कि विपरीत परिस्थितियों में भी वो खुद को सफल बनाने की क्षमता रखता है।
अखबार में द्वारकेश के मिलने और उसकी जिद की खबर पढ़ने के बाद उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने इस बारे में ट्वीट किया। साथ ही अपनी कंपनी में इंटर्नशिप करने का ऑफर भी दिया। उन्होंने लिखा कि 'मैं इस युवा का प्रशंसक हूं। वो अपने दम पर आगे बढ़ना चाहता है। अभी ऐसा लग रहा होगा कि उसने सनक में घर छोड़ दिया। लेकिन मैं ये देख रहा हूं कि आगे चलकर वह एक सफल, आत्मनिर्भर उद्योगपति हो सकता है। मैं उसे अपनी कंपनी महिंद्रा राइज में इंटर्नशिप का ऑफर देकर खुश होऊंगा।'