औरतों के लिए गहनों के क्या मायने होते हैं ये सभी जानते हैं। खासकर भारत में सोने के जेवरों को बनवाकर तिजोरी में रखने का ज्यादा चलन है। लेकिन अब तो आइसक्रीम भी सोने की बनने लगी है जनाब, उसका क्या करेंगे? जी हां, सही सुना आपने पुरे 24 कैरट की खाने वाली आइस क्रीम उसे भी तिजोरी में रखेंगे या खाएंगे। सोचना आपकी जिम्मेदारी है! अच्छी बात तो ये है कि,आप इस गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम का लुत्फ़ अब भारत में भी उठा सकते हैं।
इडिबल गोल्ड का ट्रेंड काफी समय से विदेशों में चल रहा है। वहां गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम, गोल्ड प्लेटेड डोनट्स और गोल्ड प्लेटेड पिज्जा जैसे लग्जरी आइटम उपलब्ध हैं। इसे आप अमीरों के चोंचले भी कह सकते हैं, क्योंकि ये फू़ड आइटम काफी महंगे हैं।
खास बात ये है कि, भारत में भी इसका आगमन हो चुका है। इसे हूबर और होली आइसक्रीम पार्लर भारत लेकर आए हैं । भारत के 3 शहर मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद में इसके स्टोर हैं। इस आइस्क्रीम का नाम माइटी मीडास है।
इसमें 17 प्रकार की सामग्री डाली जाती है और आखिर में इसे 24 कैरेट की गोल्ड प्लेटेड पत्तियों से सजा दिया जाता है। इसे परोसने का अंदाज एकदम अलग है और कीमत 1000 रुपये है।
पिछले साल बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने हॉन्गकॉन्ग से एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में वो एक गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम खा रही थी। उनका ये वीडियो हज़ारों लोगों ने देखा था और उनमें से कई ने ये लक्जरी डेजर्ट चखने की बात कही थी।