14 फरवरी का दिन भारतीयों के लिए ऐसी बुरी याद छोड़ गया है जिसे भूल पाना बेहद मुश्किल है। एक बार के लिए लोग तो पुलवामा आतंकी हमले को भूल भी जाएंगे लेकिन शहीदों के परिवार के लिए ये हमेशा के लिए 'काला दिन' बन चुका है। जवानों पर हुए आतंकी हमलों में अब तक का सबसे बड़े इस हमले में 45 जवान शहीद हो गए और कई घायल भी हुए। हर कोई शहीदों के लिए न्याय चाहता है। वहीं देश में आए एक नामचीन विदेशी कलाकार भी देश के जवानों को नमन करना नहीं भूला।
अपने प्रोग्राम से पहले अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक म्यूज़िक प्रोड्यूसर और डीजे मार्शमेलो ने अपने हर फैन से शहीदों के लिए 2 मिनट का मौन रखने का आग्रह किया और उन्होंने स्टेज की स्क्रीन पर भी तिरंगा लहराया। इस आतंकी हमले के एक दिन बाद डीजे मार्शमेलो ने भी ट्विटर पर पुलवामा हमले से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी सहानुभूति जाहिर की।
मुंबई में हो रहे Vh1 सूपरसोनिक 2019 कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों और डीजे मार्शमेलो के फैंस ने भी शहीदों को नमन किया और मार्शमेलो ने अपने स्टाइल में बकेट पर काली आंखें और बड़ी सी मुस्कान के साथ तिरंगा लेकर मौन रखने का आग्रह करके अपना शोक प्रकट किया था।
हालांकि, इस कार्यक्रम में कई विदेशी कलाकार और कुछ देसी कलाकार भी मौजूद थे, लेकिन किसी को भी देश के वीर जवानों पर हुए आतंकी हमले के बारे में याद नहीं रहा, मार्शमेलो ने अपनी धुन पर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देने से पहले उन शहीदों को याद किया और शोक व्यक्त किया। वैसे कोई भी समझदार व्यक्ति यही करता जो मार्शमैलो ने किया, लेकिन एक विदेशी द्वारा अपने शो में ऐसा करना बड़ी बात है।