विस्तार
इंसान हो या जानवर गम और खुशी का अहसास दोनों को ही होता है। जब परिवार का कोई सदस्य हमेशा के लिए चला जाता है तो जैसा दुख इंसान को होता है ठीक वैसे ही किसी अपने को खोने का गम जानवरों में भी होता है। इसी तरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप हैरान हो सकते हैं।
वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि हाथी की सूंड में एक मृत बच्चे की लाश है, जिसे लेकर हाथी सड़क पर आता है उसके बाद उस हाथी के पीछे कई अन्य हाथी भी आते हुए दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में हाथी समूह में हाथी के बच्चे के शव के साथ नजर आ रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि जैसे इंसानों की शव यात्रा निकलती ही ठीक उसी तरह यह भी एक शव यात्रा की तरह है।
इस वीडियो को इंडियन फॉरेस्ट सर्विस ऑफिसर परवीन कसवान ने इस वीडियो को शेयर किया है। वीडियो ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि यह वीडियो आपको परेशान कर सकता है। हाथी अपने मृत बच्चे को लेकर जा रहे हैं। हाथियों का झुंड मृत शरीर को नहीं छोड़ना चाहते हैं। वहीं जब हाथी अपने झुंड के साथ बीच सड़क से गुजरते हैं तो उस वक्त सड़क से गुजरने वाले लोग खड़े होकर देखने लग जाते हैं।