आपने प्यार के चक्कर में लड़के-लड़कियों के भागने वाले किस्से तो काफी सुने होंगे लेकिन क्या आपने कभी दूल्हे के पिता और दुल्हन की मां के साथ भागने का किस्सा सुना है? समधन अक्सर लड़के के पापा को अपनी वाली से ज्यादा भाती है लेकिन यहां तो मामला इतना बढ़ गया कि दोनों साथ ही भाग गए।
मामला गुजरात के सूरत का है जहां शादी की तैयारियों के बीच दूल्हे का बाप दुल्हन की मां को भगाकर ले गया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदार सकते में आ गए और शादी को रोकनी पड़ी। किसी बॉलीवुड फिल्म की स्क्रिप्ट की तरह लगने वाली यह कहानी बिलकुल हकीकत है।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक लड़का और लड़की ने एक साल पहले इंगेजमेंट की थी और अब दोनों ने शादी करने का फैसला किया था। यह शादी फरवरी के दूसरे हफ्ते में होने वाली थी, लेकिन शादी से पहले लड़के के 48 साल के पिता और लड़की की 46 साल की मां एक साथ फरार हो गए।
दोनों के गायब होने पर घरवालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। परिवार से मिली जानकारी से इस बात का खुलासा हुआ कि लापता होने से पहले ही दोनों एक दूसरे को जानते थे और जवानी के दिनों में एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। वे दोनों कटारगाम इलाके में पड़ोसी थे। यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई थी। हालांकि,विपरीत परिस्थितियों के चलते दोनों की शादी नहीं हो सकी थी।
खबरों के अनुसार ये शादी एक साल पहले तय की गई थी, जो अब लड़की और लड़के के मां बाप के एक साथ भाग जाने के कारण कैंसल कर दी गई है। अब जब मां-बाप को अपनी जवानी वाला प्यार याद आ गया तो बच्चे भला सात फेरे कैसे ले सकते हैं। किसी ने सच ही कहा है प्यार कभी मरता नहीं....।