एडवांस टेक्नोलॉजी का अनोखा आविष्कार, अब पिता भी करा सकेंगे अपने बच्चों को स्तनपान
टीम फिरकी, नई दिल्ली
Published by:
Pankhuri Singh
Updated Sun, 24 Mar 2019 01:20 PM IST
छोटे बच्चो को पालना कोई छोटा काम नहीं है और मां की तरह बच्चे को संभालना किसी और के बस की बात नहीं होती। ऐसे में अगर कोई पिता को बच्चा संभालने की जिम्मेदारी दे दे तो आप भी जानते हैं क्या होगा। लेकिन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ती दुनिया में हर रोज एक से बढ़कर एक ऐसी खोज होती है जो आश्चर्य में डाल देती है। इसी बीच उस चीज का अविष्कार किया गया है, जिससे दुनिया के सभी पिता को काफी खुशी होगी। जानिए क्या खास वजह और अविष्कार।
जापान की कंपनी डेंटसु ने एक डिवाइस डिजाइन किया है, जिसकी मदद से पुरुष भी बच्चों को स्तनपान करा पाएंगे। ये डिवाइस एक खास रिपोर्ट को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जिसके मुताबिक पति-पत्नी में तनाव की एक बड़ी वजह बच्चों की फीडिंग है। यह एक ऐसा काम है, जो पूरी तरह से मां के हिस्से आता है।
डेंटसु ने जो डिवाइस तैयार किया है, वह असल में फॉर्मूला मिल्क का टैंक है, जिसे पहना जा सकता है। इसे महिलाओं के स्तन की तरह डिजाइन किया गया है। इसे पहनकर पुरुष आराम से बच्चों को गोद में लेकर स्तनपान करा सकते हैं। कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस इसलिए डिजाइन किया है कि ब्रेस्टफीडिंग को लेकर कपल्स का स्ट्रेस लेवल कम हो और यह सिर्फ महिलाओं का काम नहीं रह जाए।
डिवाइस को कंपनी ने ‘फादर्स नर्सिंग असिस्टेंट’ नाम दिया है। इस टैंक में सेंसर भी लगे हैं, जो बच्चे के भूख लगने के समय और सोने की आदत को मॉनिटर करते हैं। इस टैंक में दूध को गर्म करने और गर्म रखने की भी व्यवस्था हैं।
यह डिवाइस शरीर के तापमान के बराबर ही गर्म भी रहता है। इस डिवाइस को स्मार्ट फोन ऐप के जरिए भी चलाया जा सकता है। कंपनी इसे जल्द ही बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।