विस्तार
Marriage Contract: शादी हर किसी के जीवन का सबसे बड़ा और अहम पड़ाव होता है। जब दो लोग एक रिश्ते में बंधते हैं, तो उनके जीवन में कई बदलाव होते हैं। ऐसे में पति पत्नी दोनों को साथ रहने के लिए अपने-अपने जीवन में कई तरह के परिवर्तन करने पड़ते हैं। कई बार लड़का लड़की शादी के लिए एक दूसरे के सामने खुले तौर पर शर्त रखते हैं, जिनको मानना जरूरी होता है। हालांकि लोग अपने जीवन साथी की खुशी और एक मजबूत रिश्ते के लिए इन्हें स्वीकार भी करते हैं। ऐसे में इन दिनों भी दुल्हन की एक अजब गजब शर्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि हाल ही में केरल में एक जोड़े ने शादी के दौरान एक अनोखा कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है।
दरअसल, इस जोड़े ने 5 नवंबर को पलक्कड़ के कांजीकोड में धूमधाम से शादी की। इस दौरान दूल्हे रघु के दोस्तों ने दुल्हन को गिफ्ट के तौर पर एक अनोखा कॉन्ट्रैक्ट पेपर दिया। वहीं अब ये कॉन्ट्रैक्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
स्टाम्प पेपर पर किए हस्ताक्षर
दरअसल, रघु कांजीकोड में एक प्राइवेट कंपनी का स्टाफ है जबकि दुल्हन अर्चना बैंक परीक्षा की तैयारी कर रही है। अर्चना ने 50 रुपये के स्टाम्प पेपर के कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किया। इसमें लिखा था, ‘शादी के बाद मेरे पति रघु एस केडीआर को रात 9 बजे तक अपने दोस्तों के साथ बाहर समय बिताने की पूरी अनुमति होगी। मैं वादा करती हूं कि इस दौरान उन्हें फोन करके परेशान नहीं करूंगी।’
वहीं अब ये घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। ऐसे में लोग इसपर तरह तरह के रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रघु 17 बैडमिंटन खिलाड़ियों के एक व्हाट्सएप ग्रुप का एक हिस्सा हैं, जो अक्सर शादियों में एक-दूसरे को अनोखे सरप्राइज देते रहते हैं। ये कॉन्ट्रैक्ट भी उनकी योजनाओं का एक हिस्सा था।
दरअसल, ये पहली बार नहीं है जब किसी शादी में दूल्हा दुल्हन ने इस तरह के कॉन्ट्रैक्ट साइन किए हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई मामले आए दिन सामने आते रहते हैं, पिछले दिनों भी एक दुल्हन ने शादी पर दूल्हे से एक कॉन्ट्रैक्ट पर साइन कराया था, जिस पर एक महीने में एक पिज्जा खिलाने सहित कुछ अन्य शर्ते रखी गई थी।
इसके अलावा भी कई लोगों ने शादी के दौरान अजब-गजब कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया है, जिसमें कई मजेदार चीजें लिखी थीं। जैसे हर दिन जिम जाना, हर 15 दिनों में शॉपिंग करना, महीने में एक बार पिज्जा डेट पर जाना आदि चीजें शामिल हैं।