एक बात सबको पता है। फिर भी किसी को अगर शक हो उनके लिए दुहराए देता हूं। इंडिया की पब्लिक क्रिकेट और बॉलीवुड के लिए पागल है। आज से नहीं, हमेशा से रही है। इसमें कुछ नया नहीं है। और अगर क्रिकेट के पागलपन की बात हो तो मैंने पागलपन का वो हद्द भी अपने कॉलेज के दिनों में देखा है। जब लड़के एग्जाम वाले दिन भी टीवी हॉल में सुबह-सुबह उठ के ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज का टेस्ट मैच भी देखते थे, अगर रात का मैच हुआ तो हाईलाईट भी। अंदाज़ा तो लगाया ही जा सकता था।
एक बात और है। वो ये कि क्रिकेट के दौरान 'हम इंडिया वाले' हो जाते हैं। 'वी इंडियंस'। भले ही इससे पहले कोई बिहारी, बंगाली, तामिल या फिर मलयाली रहे हों। लेकिन आज कुछ अलग दिखा हमें। और ये अजीब भी था। गूगल पर जब पता किया तो डिटेल में पता चला। और ये पाकिस्तान क्रिकेट की दीवानगी को लेकर है।
आज इंडिया और इंग्लैंड के बीच चल रहे वन-डे सीरीज़ का दूसरा मैच है। इसमें कुल तीन मैच होने हैं। इंडिया एक जीत चुका है। इसके बाद एक मैच और होना है। फिर तीन मैचों की टी-20 सीरीज़। आज का मैच भी सही चल रहा है। ठीक इसी वक़्त इंडिया से दक्षिण की तरफ बंगाल की खाड़ी को पार करते हुए आगे बढें। मलेशिया, इंडोनेशिया के ऊपर से निकलते हुए नीचे लैंड करते ही, एक जगह आता है। ऑस्ट्रेलिया। पता ही होगा। वहां भी एक क्रिकेट मैच चल रहा है।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच। 5 वन-डे मैचों में से तीसरा मैच।
हम गूगल के दरवाजे पर भटक रहे थे। गूगल ने कहा अंदर आओ। कुछ मजेदार बात बताते हैं। हमने देखा, गूगल पर इंडियन नेशनल क्रिकेट टीम ट्रेंड कर रही है। अच्छी बात! मैच चल रहा है, ट्रेंड कर जाता है। लेकिन लगे हाथ दिखा पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम भी कुछ कम नहीं। वो भी इंडिया में लगभग उसी पेस से ट्रेंड कर रही है। लेकिन, एक स्टेट में पूरा का पूरा ट्रेंड पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम के नाम। और जगह थी जम्मू और कश्मीर।
ऊपर के लिस्ट के दोनों हिस्सों को ध्यान से देखें, आप भी समझ जाएंगे कि किस राज्य में कितना सर्च किया जा रहा है। और दूसरी तरफ क्या सर्च किया जा रहा है।
ऊपर के इस ग्राफ़ में नीली लाईन पाकिस्तान को दिखा रही है और हरी लाईन इंडियन क्रिकेट टीम को!
ये आपको बताने के पीछे वजह इतनी है कि क्रिकेट हो या बॉलीवुड कुछ भी इंडिया को एक साथ जोड़ नहीं पाता है। ये सब कहावतें हैं। पब्लिक जिस दिन सुखी संपन्न होगी, उसी दिन एक भारत, श्रेष्ठ भारत का नारा पूरा होगा। वरना, भाषणबाजी तो हमें भी आती है, मितरों! जय हो!