चोर भाई लोग दिन पर दिन होशियार होते जा रहे हैं और हों भी क्यों न, इतने पढ़े-लिखे जो होते हैं इनमें से कुछ। चेन्नई में एक भाईसाहब फ्लिपकार्ट को अच्छा-ख़ासा चूना लगा चुके थे। पर उफ़्फ हाय री इनकी किस्मत! पकड़ लिए गए। और जिस-जिस ने ये खबर सुनी, सबका मुंह खुला रह गया।
बी. नवीन (21) चेन्नई में फ्लिपकार्ट के लिए एक डिलीवरी बॉय का काम करता था। उसने जल्दी पैसा लगाने का एक तरीका सोचा। उसने साईट पर कुछ घरों का पता लेकर आई-फ़ोन का फ़ेक ऑर्डर करना शुरू किया। ये सारे के सारे पते उसके डिलीवरी एरिया में ही आते थे। ऐसे में वो करता ये था कि पैकेज ले जाने के बहाने वो उसमें से असली फ़ोन निकालकर उसमें नकली फ़ोन रख देता था और कंपनी को ये कह कर लौटा देता था कि कस्टमर को ये पसंद नहीं आया और उसने लौटा दिया।
ऐसा कुल-मिलाकर उसने 2 बार किया। पहली बार में जब वो नहीं पकड़ा गया तो उसके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हो गयी और दूसरी बार में उसने बल्क में इन फोंस को आर्डर कर दिया। और बस यहीं उससे गलती हो गयी।
इस बार जब ज्यादा संख्या में ये फ़ोन लौटाए गए तो इसकी जांच करने पर पता चला कि ये सारे लौटाए गए फ़ोन असल में नकली हैं। जिन फ़ोन को महाशय ने चुरा लिया था उनकी कीमत कुल-मिलाकर 5 लाख के करीब है।
पर नवीन जी की ये तरकीब चली नहीं और अब ये सलाखों के पीछे हैं। कहते हैं ज़्यादा होशियारी कभी-कभी भारी पड़ जाती है। इससे पहले फ्लिपकार्ट पर किये गए आर्डर पर ग्राहकों को आम और पत्थर आदि मिलने की खबर आती रही है। स्नैपडील का तो पहले से ही रिकॉर्ड खराब है, फ्लिपकार्ट ने भी नाम रोशन कर दिया। अब ऑनलाइन सामान मंगाने से पहले एक न एक बार आपका माथा ज़रूर ठनकेगा।
किसी ने बताया कि फ्लिपकार्ट पर सोने के सिक्के और बिस्किट भी मिलते हैं। आई-फोंस के साथ तो ये कमाल कर डाला इन्होंने। अब सोने में कितने प्रतिशत सोना और कितने प्रतिशत पीतल होता है इसका हिसाब तो फ्लिपकार्ट वाले ही दे पाएंगे। पर सवाल ये है कि ऑनलाइन शॉपिंग का पर्दा डालकर क्या नकली सामान का कारोबार नए सिरे से अपनी जड़ें बाज़ार में जमा रहा है?