विस्तार
उत्तराखंड में एक ऐसा किस्सा सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक लड़की ने लड़के का भेष धरकर दो लड़कियों से शादी रचा ली। शादी के बाद वह कई सालों तक उन लड़कियों के साथ रही लेकिन उन्हें कभी इस बात का एहसास ही नहीं हो सका कि वह लड़का नहीं लड़की है।
पहली शादी के बाद उसने दूसरी शादी की तो कुछ दिन बाद ही दूसरी पत्नी से उसकी अनबन रहने लगी, मामला पुलिस थाने पहुंचा तो पुलिस को शक हुआ और लड़की का मेडिकल चेकअप कराया गया जिसके बाद यह भेद खुला, जिसे सुनकर हर कोई माथा पीट रहा है। बताया जा रहा है लड़की यह सारा खेल दहेज की रकम ऐंठने के लिए करती थी।
ये किस्सा शुरू होता है उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से जहां धामपुर कस्बे में रहने वाले कथित कृष्णा नाम के एक युवक ने फेसबुक पर काठगोदाम की रहने वाली एक लड़की से दोस्ती कर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। दोस्ती ऐसी बढ़ी की साल 2014 में 14 फरवरी को दोनों ने एक दूसरे से प्रेम विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों हल्द्वानी जाकर रहने लगे। इसी बीच कृष्णा ने बिजनेस करने के नाम पर अपने ससुराल वालों से साढ़े आठ लाख रुपये ऐंठ लिए।
इसी बीच कृष्णा ने एक और अन्य लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उससे भी प्रेम विवाह कर लिया। जल्द ही दूसरी शादी का भेद खुला तो कृष्णा ने दोनों को डरा धमकाकर एक ही घर में बंधक बनाकर रख लिया। उसकी पहली पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह रात के अंधेरे में ही हमसे शारीरिक संबंध बनाता था।
इसके अलावा वह हमारे सामने बैठकर शराब और सिगरेट भी पीता था। इस दौरान वह मारपीट भी किया करता था। जब मारपीट ज्यादा बढ़ी तो पहली पत्नी ने उसके खिलाफ थाने में मारपीट करने दहेज मांगने, फैक्ट्री लगाने के नाम पर साढ़े आठ लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करा दी।
मामला दर्ज हुआ तो पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने सफाई देते हुए कहा कि वह तो खुद एक लड़की है ऐसे में वह किसी और लड़की से शादी कैसे कर सकती है।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कराया तो उसकी बात सही निकली, लेकिन जब उसे उसकी दोनों पत्नियों के आमने सामने कराया गया तो उसने सच उगल दिया। जिसे सुनकर पुलिस के साथ साथ दोनों लड़कियों के भी होश उड़ गए। लड़का बने कथित कृष्णा ने बताया कि उसका असली नाम स्वीटी सेन है और वह एक लड़की है, जिसने लड़कर पैसे ऐंठने के लिए दोनों लड़कियों से शादी की।
उसने बताया कि वह एक और शादी करने की तैयारी में थी, जिसके लिए उसने हरिद्वार निवासी एक लड़की से प्रेम का नाटक भी कर रखा था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसका भांडा फोड़ दिया। पुलिस के अनुसार पत्नियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए वह सेक्स टॉय का इस्तेमाल करती थी, जिसका कभी किसी को पता नहीं चल सका।