विस्तार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक घर में लोग बारात के स्वागत में पलकें बिछाए खड़े थे। मगर तभी एक फोन आया और सबकी खुशी झटकेभर में गम में बदल गई। शादी वाले दिन ही लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया, वो भी फोन पर। यही नहीं, इसके पीछे उन्होंने जो दलील दी, वह भी सोच से परे है।
लड़के वालों का कहना था कि लड़की जरूरत से ज्यादा देर तक व्हाट्सऐप पर चिपकी रहती है। उन्हें इस बात से भी तकलीफ थी कि लड़की ने शादी से पहले ही ससुरालवालों को मैसेज भेजने शुरू कर दिए थे। हालांकि, नौगांव सादत गांव में घटी इस घटना में एक ट्विस्ट है।
लड़के वालों ने भले ही ऐन मौके पर लड़की पर उंगली उठाते हुए शादी तोड़ दी। मगर वधू पक्ष के लोगों का कहना है कि लड़के वालों ने दहेज में 65 लाख रुपये मांगे थे। दहेज देने से इंकार करने की वजह से ही लड़के वालों ने शादी तोड़ी।
'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक शादी टूटने के बाद मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। लड़की के पिता उरोज मेहंदी ने लड़के के परिवार के खिलाफ दहेज में मांगने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।