विस्तार
आज की तेज तर्रार जिंदगी में लोगों के पास टाइम कम रह गया है। यहां तक कि पति और पत्नी के रिश्ते में टाइम की कमी महसूस होने लगी है। लेकिन भारत में अभी स्थिति कंट्रोल में हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक विदेशी जोड़ों के लिए भारत काम करने के मामले में काफी लोकप्रिय हैं। वजह जानकर आप यकीन नहीं करेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में विदेशियों का दांपत्य जीवन सुधर जाता है, इसलिए वे यहां रहना पसंद करते हैं।
विदेशी पेशेवरों का मानना है कि भारत में काम करने के दौरान उनके दांपत्य जीवन में काफी सुधर हुआ। एचएसबीसी की एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक दंपतियों को परस्पर अधिक निकट लाने वाले देशों की सूची में भारत दूसरा स्थान पर पहुंच गया है। एचएसबीसी के मुताबिक काम या वित्तीय अवसर की खोज में कई देशों के पेशेवर भारत आते हैं, लेकिन भारत आने के बाद उन्हें पता चलता है कि उनके दांपत्य जीवन में भी काफी सुधार हुआ है।
रिपोर्ट बताया गया है कि विदेशी पेशेवरों के लिए रहने और काम करने की दृष्टि से दुनिया के सर्वोत्तम देशों की एक सूची में भारत की स्थिति काफी सुधरी है और अब यह 12 पायदान उछल कर 14वें पर आ गया है। यह सूची एचएसबीसी के ताजा सर्वेक्षण ‘एक्सपैट एक्प्लोरर सर्वे’ का हिस्सा है, जिसके तहत इस साल मार्च और अप्रैल में 159 देशों और क्षेत्रों में ऐसे 27,587 पेशेवरों की राय जुटाई गई, जो नागरिक तो किसी और देश के हैं, लेकिन काम करने के लिए किसी और देश में रहते हैं।
ऐसे लोगों को एक्सपैट कहा जाता है। ऐसे विदेशी पेशेवरों के पसंदीदा देशों की इस सूची में सिंगापुर को पहला स्थान मिला है। विदेशी कामगारों के दांपत्य संबंध में सुधार के लिहाज से भारत को एक शानदार देश बताया। इसके साथ ही विदेशी कामगारों के बीच पेशेवर विकास के लिए सर्वाधिक पसंदीदा 10 देशों की सूची में भारत को भी स्थान मिल गया है।
एचएसबीसी ने कहा कि भारत में रहने वाले उन विदेशी कामगारों का अनुपात 2016 के मुकाबले 12 अंक सुधर कर 63 फीसदी हो गया है, जो पेशेवर क्षेत्र में विकास के लिए इस देश की सिफारिश करते हैं। इस तरह की सराहना पाने वाले देशों में भारत को सातवां स्थान मिला है।