विस्तार
आईपीएल भी गजब का खेल है। 20 ओवर का खेल और धड़ाधड़ रनों की बारिश। रनों की बारिश जारी रहे, इसके लिए बल्लेबाज दिमाग की हर नस का इस्तेमाल कर लेता है। यानी 20 ओवर में क्रिकेट की गेंद फुटबॉल नजर आनी चहिए। इन्हीं कोशिशों के चलते रविवार को पंजाब के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का ध्यान एक लड़की पर चला गया। लड़की फोन पर बात कर रही थी। इधर गुप्टिल ने लड़की को देखा और उधर उनकी गिल्लियां बिखर गईं। लेकिन गुप्टिल क्लीन बोल्ड होकर भी आउट नहीं हुए और नाबाद 50 रन बनाए।
दरअसल माजरा यह था... गुप्टिल पारी की दूसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए थे। अंपायर ने उन्हें आउट न देकर गेंद को डेड बॉल घोषित किया। हुआ यूं कि गुप्टिल ने गेंदबाज मोहम्मद शमी की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बनाया। वह दूसरी गेंद खेलने को तैयार थे। शमी अपने रन अप पर थे तभी गुप्टिल विकेट से हट गए और गेंद ने उनके विकेट बिखेर दिए। गुप्टिल इसलिए विकेट से हटे क्योंकि अचानक एक वॉलेंटियर युवती मोबाइल पर बात करती हुई साइड स्क्रीन पर आ गई और गुप्टिल का ध्यान भंग हो गया। अंपायर ने यह बात भांप ली थी इसीलिए उन्होंने गेंद डेड बॉल घोषित कर दी।