विस्तार
दुनिया में ऐसे तमाम उदाहरण भरे पड़े हैं जब जनता के प्रतिनिधि बनने वाले शख्स अपनी बुनियाद को छोड़ हवा में उड़ने लगते हैं। ताकत का चस्का लगते ही आम आदमी, कारों के काफिले और भारी-भरकम सिक्यॉरिटी के साथ घर से बाहर कदम निकालता है। नीदरलैंड के प्रधानमंत्री दुनिया भर के चस्का पसंद नेताओं से अलग हैं। इनकी सादगी देखकर शायद आप भी इनके कायल हो जाएं।
नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुट जब कुर्सी पर काबिज हुए तो राजा को इसकी जानकारी देने के लिए वो महल पहुंचे। सादगी इस कदर हावी है कि मार्क रुट यहां भी बिना लाव लश्कर के साइकिल से आए। और तो और राजमहल में साइकिल खड़ी करने के बाद ताला लगाना भी नहीं भूले।
सोशल मीडिया पर उनके ताला बंद करने की फोटो से दुनिया भर में चर्चाएं होने लगी। ऐसा नहीं है कि मार्क पहली बार साइकिल से ऐसा कर रहे थे, बल्कि वो रोजाना साइकिल से ही अपने दफ्तर पहुंचते हैं। भारत के प्रधानमंत्री जून में नीदरलैंड यात्रा पर गए थे, तब मार्क रुट ने उन्हें भी साइकिल गिफ्ट की थी।
मार्क रुट साल 2010 से ही पीएम हैं। बीते 15 मार्च में हुए चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। अभी 4 पार्टियों का गठबंधंन हुआ है, जिसने रुट को अपना नेता चुना। 26 अक्टूबर को मार्क शपथ भी ले सकते हैं।