विस्तार
समुद्र में डूबते हवाई जहाज की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। प्लेन का आधे से ज्यादा हिस्सा पानी में डूब चुका है। वहीं, प्लेन में सवार यात्रियों को बचाने की जद्दोजहद भी इस फोटो में साफ देखी जा सकती है। मगर यह मामला प्लेन क्रैश का नहीं लगता। अगर ऐसा होता तो प्लेन के परखच्चे उड़ गए होते। मगर यहां तो पूरा प्लेन ठीक-ठाक नजर आ रहा है। तो फिर हवा में गोते लगाने वाला विमान, समुद्र में क्या कर रहा है?
दरअसल, यह प्लेन एयर न्यूगिनी विमानन कंपनी का है। यह माइक्रोनेशिया के एक द्वीप पर लैंड कर रहा था। रनवे पर उतरने के बाद भी इसकी गति कम नहीं हुई। देखते ही देखते यह इतना बेकाबू हो गया कि सीधे समुद्र में जा गिरा।जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त विमान में 36 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी को जीवित बचा लिया गया। उन सभी को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त प्लेन करीब 13 साल पुराना है और पहले इसका इस्तेमाल दो भारतीय विमानन कंपनियां-जेट एयरवेज और एयर इंडिया एक्सप्रेस कर चुकी हैं। हादसे की वजह के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।