उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी से ठीक पहले यहां एक दुल्हन दूल्हे के पैरों को देखकर भड़क गई और शादी से इनकार कर दिया। लिहाजा बरात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
चपुन्ना क्षेत्र के इंदिरानगर गांव निवासी रामपाल की बेटी रीना की शादी फिरोजाबाद जनपद के दयापुर गांव निवासी रामेश्वरदयाल के बेटे हरवीर के साथ तय हुई थी। बुधवार को बैंडबाजे के साथ बरात गांव पहुंची। जयमाल के बाद खाना-पीना चला। देर रात भांवरों की रस्म शुरू होनी थी। इससे पहले कि फेरे हों, किसी ने लड़की को किसी ने दूल्हे के बारे में एक ऐसी बात बताई जिससे उसके होश उड़ गए।
दरअसल, भांवरों की रस्म से पहले दूल्हा नहाने के लिए एक हैंडपंप पर गया था। तभी गांव के कुछ लोगों की नजर दूल्हे के पैर पर पड़ी तो वो चौंक गए। दूल्हे के पैरों को लेकर लोगों के बीच शुरू हुई चर्चा दुल्हन के भी कानों तक पहुंच गई। इसके बाद सभी ने दूल्हे के पैर को देखने की बात कही। फिर जो सच सामने निकलकर आया उससे सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
लोगों ने देखा कि लड़के के पैर में सरिया पड़ी है। सच जानकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी दुल्हन फेरों के लिए तैयार नहीं हुई। सूचना पर चौकी इंचार्ज ओमबाबू तिवारी दल-बल के साथ गांव पहुंच गए। करीब आठ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
बाद में लड़की के पिता रामपाल ने समझौते के तौर पर एक अंगूठी, एक जोड़ी पायल, मोबाइल और 17 हजार रुपये वर पक्ष को दिए। इसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता लिखकर दे दिया। बरात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ गया।