हम सभी को जानवर बहुत प्यारे लगते हैं और उन जानवरों से ज्यादा लगाव हो जाता है जो हमारे साथ हमेशा घर में रहते हैं। लेकिन अपने प्यारे जानवर को खोना बहुत मुश्किल होता है। हफ्तों व सालों तक उस प्यारे से जानवर के खोने का गम दिल में मौजूद रहता है। पर ये अच्छी बात है कि जब सबकुछ खराब चल रहा होता है तो कोई एक व्यक्ति होता है जो आपको संभालता है। ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जिसके बारे में आप जानकर काफी भावुक हो सकते हैं।
जोसेफ इनबनेट नाम के शख्स ने एक अपनी कहानी शेयर की है जो काफी इमोशनल है। अपना पालतू कुत्ता बैली को खोने के बाद एक स्थानीय लोकल पेट स्टोर से जो सहानुभूति मिली है उसे जोसेफ इनबनेट ने शेयर किया है। अपने पालतू जानवर को खोने के बाद उसके लिए लाए गए फूड पैकेट को वापस करने के लिए उन्होंने चेवी को जानकारी दी। स्टोर की तरफ से जोसेफ को जवाब आया वह काफी अप्रत्याशित था।
पेट स्टोर चेवी ने जवाब में लिखा कि आप खाने को दान कर दीजिए आपको आपका पैसा मिल जाएगा। जोसेफ स्टोर की इस प्रतिक्रिया से हैरान हो गए। इसके कुछ दिनों बाद ही स्टोर से जोसेफ को एक पैकेज मिला, जिसे देखकर वह काफी भावुक हो गए। जब उन्होंने गिफ्ट खोला तो पाया कि उनके प्यारे से पालतू कुत्ते की ऑयल पेंटिंग तस्वीर के साथ-साथ एक प्यार भरा संदेश मिला।
कंपनी ने संदेश में लिखा है कि उस व्यक्ति को अलविदा कहना बहुत मुश्किल होता है, जिससे आप बहुत प्यार करते हैं। वह हमेशा याद आते रहेंगे। साथ ही उन्होंने लिखा कि पालतू जानवर हमारे जीवन में आते हैं और अपने पंजों के निशान दिल पर छोड़ जाते हैं और हम हमेशा के लिए बदल जाते हैं।
जोसेफ ने कंपनी के लिए आभार जताते हुए सारी घटनाक्रम को फेसबुक पर पोस्ट कर दिया, जिसेक बाद वह वायरल हो गया। साठ हजार से भी ज्यादा लोगों ने इस पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट में जोसेफ ने चेवी को काफी सराहा है, जिसके बाद लोग चेवी के कस्टमर सर्विस से हैरान है और उसका ग्राहक बनने का वादा भी किया।