भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार निरहुआ आज फिल्म जगत के साथ-साथ अपनी पहचान राजनीति में भी बना चुके हैं। निरहुआ यानी दिनेश लाल यादव को भाजपा ने आजमगढ़ से टिकट दिया है। वहां से वह अखिलेश यादव के खिलाफ लड़ेंगे।
भोजपुरी सिनेमा में निरहुआ की लोकप्रियता बाकी अन्य कलाकारों से कुछ ज्यादा है। निरहुआ के गाने और फिल्मों को लोग खूब पसंद करते हैं। लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब निरहुआ का परिवार अपना गुजारा गरीबी में करता था। महज 3500 रुपये में निरहुआ के पिता पूरे घर का खर्चा चलाते थे। आइए जानते हैं इनसे जुड़ी कुछ खास बातें..
निरहुआ का असली नाम दिनेश लाल यादव है। उनका बचपन बहुत ही गरीबी में बीता। परिवार में आर्थिक तंगी की वजह से घर से दूर स्कूल में पैदल चलकर जाना पड़ता था। इतना पैसा भी नहीं था कि वह खुद के लिए एक साइकिल खरीद सकें। निरहुआ मूलरूप से उत्तरप्रदेश के गाजीपुर शहर के रहने वाले हैं।
निरहुआ ने बचपन में तो खूब आर्थिक तंगी झेली, लेकिन कभी मेहनत से अपना हाथ पीछे नहीं किया। हर वक्त अपनी मेहनत से आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे और एक दिन उन्होंने अपना मुकाम हासिल कर लिया। आज उनके पास करोड़ों की संपत्ति और कई लग्जरी गाड़ियां हैं।
निरहुआ का पहला गाना साल 2001 में लांच हुआ था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद भोजपुरी में उनकी पहचान बन गई। साल 2003 में उनका एक एलबम आया, जिसके बाद निरहुआ सुपरहिट हो गए।
कभी चंद रुपयों के लिए मोहताज रहने वाले निरहुआ आज भोजपुरी सिनेमा से लेकर राजनीतिक जगत तक अपनी पहचान बना चुके हैं। निरहुआ को लोग अब राजनीति में भी पसंद करने लगे हैं।