बचपन में आपने गुड्डे-गुड़ियों का खेल तो जरूर खेला होगा और उन्हें देखकर हमेशा ये मन में आता होगा कि काश हम भी राजकुमारी या राजकुमारी होते। हालांकि जैसे-जैसे उम्र बढ़ती गई, वो सपने भी धीरे-धीरे खत्म होते चले गये, लेकिन अब आपके पास उस सपने को हकीकत में बदलने का मौका है। आप सच में राजकुमार या राजकुमारी बन सकते हैं।
दरअसल, डिज्नीलैंड पेरिस आपके उस सपने को हकीकत में बदलने का मौका दे रहा है। डिज्नीलैंड को अपने थीम पार्क के लिए प्रिंस (राजकुमार) और प्रिंसेस (राजकुमारी) की तलाश है।
डिज्नीलैंड ने प्रिंस (राजकुमार) और प्रिंसेस (राजकुमारी) बनने के लिए करीब 50 वैकेंसी निकाली है। यह नौकरी या तो फुल टाइम या 3-6 महीने के अनुबंध के आधार पर होगी। इस नौकरी के लिए डिज्नीलैंड ने कुछ योग्यताएं भी निर्धारित की है।
प्रिंस बनने के लिए लड़कों की लंबाई 5.2 से 6 फीट के बीच होनी चाहिए। साथ ही उसकी अच्छी बॉडी भी हो और शरीर पर एक भी टैटू नहीं होना चाहिए। इसके अलावा प्रिंसेस बनने के लिए लड़कियों की लंबाई 5.2 से 5.7 फीट के बीच होनी चाहिए। साथ ही वो सुंदर और सुशील हो। उसके शरीर पर भी एक भी टैटू नहीं होना चाहिए।
टुडे.कॉम के मुताबिक, इस नौकरी के लिए डिज्नीलैंड उम्मीदवार को हर महीने करीब 27 हजार डॉलर यानी 18 लाख 72 हजार रुपये की सैलरी देगी। इसके लिए ऑडिशन आठ जून को आयरलैंड के डबलिंग डांस पर होगा। लड़कों के लिए सुबह 10.15 बजे और लड़कियों के लिए सुबह 11.45 बजे का समय दिया गया है।